BJP विधायकों ने कांग्रेस सरकार पर लगाए भेदभाव के आरोप, मुख्यमंत्री बोले- गुटों में बंटी भाजपा
Himachal Pradesh: हिमाचल में बीजेपी विधायकों ने सीएम सुक्खू पर भेदभाव का आरोप लगाकर विधायक प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार कर दिया. सीएम सुक्खू ने आरोप खारिज कर बीजेपी को गुटों में बंटा बताया है.

Himachal Pradesh Politics: पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की सियासत इन दिनों गरमाई हुई है. बीजेपी विधायकों ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए विधायक प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार कर दिया है. दो दिनों तक अलग-अलग जिलों के विधायकों की बैठक हुई, लेकिन बीजेपी विधायक इसमें शामिल नहीं हुए.
वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीजेपी को झुठा बताते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी खुद गुटों में बंटी हुई है और केवल राजनीति करने का काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार बीजेपी विधायकों के क्षेत्रों में भी विकास कार्य कर रही है, लेकिन बीजेपी विधायक अपनी गुटबाज़ी को छिपाने के लिए इस तरह की राजनीतिक चाल चलते हैं.
'बीजेपी विधायकों के क्षेत्रों में भी हुआ विकास'
सीएम सुक्खू ने कहा कि 1 जनवरी 2023 से 3 फरवरी 2025 तक भाजपा के 28 विधायकों के क्षेत्रों में 1,000 करोड़ रुपये की 210 परियोजनाओं की डीपीआर नाबार्ड को स्वीकृति के लिए भेजी गई. इनमें से 421 करोड़ रुपये की 62 परियोजनाओं को मंजूरी भी मिल चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा विधायकों ने इन योजनाओं का पूरा लाभ उठाया है.
पिछली सरकार ने सिर्फ़ संस्थान ही खोले- CM सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले दो साल के दौरान सभी क्षेत्रों में सुधार के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं और आने वाले समय में और बदलाव किए जाएंगे. सीएम सुक्खू ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए पहले भी नए संस्थान खोलने पर जोर रहा, लेकिन संस्थानों में सुविधाएं जुटाने और उन्हें मजबूत बनाने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया. इसी वजह से आज सुविधाओं का स्तर गिर गया है.
वर्तमान सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और नई तकनीकों के उपयोग पर ध्यान दे रही है. इसके साथ ही खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























