हिमाचल में भांग की खेती को मंजूरी, वीरभद्र सिंह के नाम से जाना जाएगा ये कॉलेज | कैबिनेट फैसले की बड़ी बातें
Himachal Cabinet: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू कैबिनेट ने राज्य में भांग की खेती को लेकर बड़ा फैसला लिया है. साथ ही एक कॉलेज का भी नाम बदल दिया है.

Cannabis Farming In Himachal: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने शुक्रवार (24 जनवरी) को बड़ा फैसला लिया. कैबिनेट ने सैद्धांतिक रूप से भांग की खेती को मंजूरी दी. साथ ही रोहड़ू के डिग्री कॉलेज का नाम बदलकर राजा वीरभद्र सिंह गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज करने का फैसला लिया.
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का 27 दिसंबर 2017 को निधन हो गया था. उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह इस समय सुक्खू कैबिनेट में मंत्री है. सिंह की पत्नी हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष हैं. वीरभद्र सिंह हिमाचल में चार बार मुख्यमंत्री बने.
वीरभद्र सिंह को लेकर हो चुकी है नाराजगी
कुछ समय पहले जब सिंह परिवार को सीएम सुक्खू से नाराजगी हुई तो उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को उचित सम्मान नहीं मिला. विक्रमादित्य सिंह ने पिता के स्मारक के लिए जमीन का मुद्दा भी उठाया था, तब आलाकमान के हस्तक्षेप के बाद दोनों में रजामंदी बनी.
कैबिनेट के फैसले की बड़ी बातें
कैबिनेट ने हिमाचल प्रदेश में होम स्टे नीति पर भी मोहर लगाई है. कुल्लू जिला के तांदी में आग की भेंट चढ़े मकानों को 7 लाख की मदद मिलेगी. आंशिक रूप से जले मकान को 1 लाख और गौशाला के लिए 50 हजार रुपये देने की मंजूरी प्रदान की गई है.
बस, बोलेरो और बाइक खरीद को मंजूरी
कैबिनेट ने 24 नई VS6 वॉल्वो बसों को खरीदने की मंजूरी दी. सुक्खू सरकार ने पीडब्ल्यूडी विभाग के लिए 50 बोलेरो गाड़ी खरीदने पर मुहर लगाई. इसके साथ ही एक्साइज विभाग में फील्ड इंस्पेक्टर्स के लिए 100 बाइक खरीदने को मंजूरी दी गई है.
रोबोटिक सर्जरी के लिए खरीदी जाएगी मशीनें
इसके साथ ही सरकार ने IGMC हॉस्पिटल, TMC और चमियाना में रोबोटिक सर्जरी के लिए मशीनें खरीदने की मंजूरी दी. इसके अलावा मत्स्य विभाग में 28 पदों और 9 विकास खंड अधिकारी के पदों को भरने की मंजूरी मिली.
पुलिस वाला दोस्त ही बना जान का दुश्मन! धक्का देकर नहर में फेंका, ऐसे खुला राज
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL


























