ब्यास नदी में खतरे से खिलवाड़, हरियाणा के पर्यटकों का कटा चालान
Beas River: हरियाणा से आए 6 पर्यटकों ने पंडोह में ब्यास नदी के किनारे चेतावनी की अनदेखी की, जिसके कारण पुलिस ने 4500 रुपये का चालान काटा. 2014 में इसी तरह 24 छात्रों की जान जा चुकी है.

Himachal News: हरियाणा से आए पर्यटकों को उस वक्त आदेशों की अवहेलना करना भारी पड़ गया जब पंडोह पुलिस ने उनका 4500 का चालान काट दिया. पूरा मामला इस तरह से है कि हरियाणा से थार गाड़ी नंबर एचआर 35 वाई 4641 में आए 6 युवा पर्यटक पंडोह के पास आदेशों की अवहेलना करते हुए उफनती हुई ब्यास नदी के पास जा पहुंचे.
पंडोह का मोक्षधाम ब्यास नदी के तट पर है और यहां तक जाने के लिए सड़क बनाई गई है. हालांकि इस सड़क पर ब्यास नदी के किनारे न जाने की स्पष्ट चेतावनी भी लिखी गई है, लेकिन हरियाणा से आए इन पर्यटकों ने इन आदेशों की सरेआम अवहेलना की और उफनती नदी के पास जा पहुंचे. पंडोह डैम से पानी छोड़ा गया था जिस कारण ब्यास नदी का बहाव भी काफी तेज था.
पुलिस ने सभी से किया आग्रह
स्थानीय लोगों ने जब इस दृश्य को देखा तो पंडोह पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी. पंडोह पुलिस चौकी की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इन सभी लोगों को नदी के किनारे से सुरक्षित स्थान तक लाया और वहां पर इनका चालान काटा और हिदायत देकर छोड़ दिया. पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने चालान काटे जाने की पुष्टि की है. उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि ब्यास नदी के किनारे न जाएं और जिला प्रशासन व पुलिस की तरफ से जारी दिशा निर्देशों का पालन करें.
2014 में 24 युवाओं ने गंवाई थी जान
बता दें कि वर्ष 2014 में हैदराबाद के एक कालेज से मनाली घूमने जा रहे 24 स्टूडेंट्स इसी तरह हादसे का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं. वे थलौट के पास ब्यास नदी के बीच अटखेलियां करने चले गए थे और इतने में लारजी डैम से पानी छोड़े जाने के कारण इन सभी की बहकर मौत हो गई थी. उसके बाद प्रशासन और बी बी एम बी प्रबंधन ने हाईवे किनारे उन सभी स्थानों पर चेतावनी भरे बोर्ड लगाए हैं जहां से नदी किनारे के लिए रास्ते जाते हैं. बावजूद इसके अधिकतर पर्यटक इन आदेशों की अवहेलना करके नियमों का उल्लंघन करते हुए जान जोखिम में डाल देते हैं.
(मंडी से परी शर्मा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: Himachal: शिमला फल मंडी में स्टोन फ्रूट की बहार, बागवानों को मिल रहे अच्छे दाम
Source: IOCL





















