Panipat Nagar Nigam Chunav: पानीपत नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग, मेयर और पार्षद पद के लिए मैदान में 107 प्रत्याशी
Panipat Municipal Corporation Election: पानीपत नगर निगम मेयर और पार्षद चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. यहां मेयर पद के लिए चार और 26 वार्डों के पार्षद पद के लिए 103 उम्मीदवार मैदान में हैं.

Haryana News: हरियाणा के पानीपत नगर निगम के महापौर और 26 पार्षदों के चुनाव के लिए आज रविवार (9 मार्च) को मतदान जारी है. यहां कुल 365 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा. दोपहर 12 बजे तक चार लाख से अधिक पात्र मतदाताओं में से लगभग 16 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
पानीपत नगर निगम में महापौर पद के लिए चार उम्मीदवार और 26 पार्षद पदों के लिए 103 उम्मीदवार मैदान में हैं. कुल 4.11 लाख वोटर मतदान करेंगे. इनमें 2.18 लाख पुरुष, 1.92 लाख महिलाएं और 15 ट्रांसजेंडर हैं. इससे पहले दो मार्च को सात नगर निगमों गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर के महापौर और वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था.
12 मार्च को आएंगे नतीजे
वहीं अंबाला और सोनीपत में महापौर पदों के लिए उपचुनाव और 21 नगर निगम समितियों में अध्यक्षों और वार्ड सदस्यों के चुनाव भी दो मार्च को हुए थे. मतों की गिनती 12 मार्च को होगी और पानीपत समेत सभी नगर निकायों के नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल में कहा था कि नगर निकाय चुनाव बीजेपी जीतेगी और ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद काम तीन गुना तेजी से होगा.
वहीं कांग्रेस ने मतदाताओं से पार्टी उम्मीदवारों को पूर्ण बहुमत से जिताने की अपील की थी. जिला पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान निष्पक्षता और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की है. पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे ड्यूटी के दौरान शालीनता और संयम बनाए रखें और मतदाताओं के साथ नम्र व्यवहार करें ताकि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो सके.
ये भी पढ़ें- 'किसानों से करें बात और समस्या सुनकर...', नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान को दी नसीहत
Source: IOCL






















