Haryana: करनाल में सरकारी स्कूल के हेड टीचर पर नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप, मामला दर्ज
Haryana News: हरियाणा के करनाल में सरकारी प्राइमरी स्कूल हेड टीचर पर 12-13 नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. आरोपी की तलाश जारी है.

हरियाणा के करनाल में सरकारी प्राइमरी स्कूल के हेड टीचर पर छोटी नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी हेड मास्टर की तलाश जारी है.
एक बच्ची के साथ 2 दिन पहले छेड़छाड़ हुई थी, उसके बाद मामले का खुलासा हुआ. तकरीबन 10 बच्चियों के बयान दर्ज हुए. सभी लड़कियां नाबालिग हैं. पुलिस ने मामला दर्ज किया.
10 बच्चियां सामने आईं
DSP गोरखपाल राणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हमारे पास दो दिन पहले नाबालिग बच्ची के परिजनों ने स्कूल के हेड मास्टर पर छेड़छाड़ करने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया.
उन्होंने कहा कि बच्ची की काउंसलिंग कराने के लिए काउंसलिंग टीम के पास गए तो बच्ची ने बताया कि और भी ऐसी बच्चियां हैं, जिनके साथ छेड़छाड़ हुई है. उसके बाद जब पुलिस की टीम स्कूल में पहुंची तो तकरीबन दस बच्चियां और सामने आईं. उन्होंने भी बताया कि हमारे साथ भी छेड़छाड़ होती है. फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
बच्चियों के साथ छेड़छाड़ हुई- उमेश चानना
वहीं, मामले में CWC करनाल के चेयरपर्सन उमेश चानना ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चियों की काउंसलिंग के दौरान यह सामने आया कि उन बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की गई है. हमारी ओर से भी जिला पुलिस कप्तान को इस विषय में आगे की कार्रवाई करने के लिए एक शिकायत दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि प्राइमरी स्कूल का टीचर है, एक मामला दर्ज हो चुका है और हमारी ओर से भी एक मामला और दर्ज कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि तकरीबन 12-13 बच्चियों ने बयान दर्ज कराए हैं कि उनके साथ छेड़छाड़ हुई है. उमेश चानना ने बताया कि हेड टीचर सरकारी प्राइमरी स्कूल का है और बच्चियों की उम्र काफी छोटी है.























