Haryana News: करनाल सब सेंटर में बवाल, एएनएम–मरीज विवाद ने लिया हिंसक रूप, डंडा चलने का वीडियो वायरल
karnal News In Hindi: करनाल के सब सेंटर में अपना कार्ड बनवाने आए मरीज और उनके परिजन का एएनएम के साथ झगड़ा हो गया. इसके बाद यह झगड़ा देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया था.

हरियाणा के करनाल के सब सेंटर में एएनएम और अपना कार्ड बनवाने आए मरीज और उनके परिजन के बीच कहा सुनी के बाद झगड़ा हो गया. इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि एक गर्भवती महिला कार्ड बनवाने के लिए सेंटर में आई थी, तभी किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. झगड़ा करने वाली एएनएम कर्मचारी का भी ब्यान आया सामने ,महिला कर्मचारी ने भी धक्का देने का आरोप लगाया है.
अपना कार्ड बनवाने के लिए चार दिनों से घूम रही थी महिला
पीड़ित महिला ममता ने आरोप लगाया कि वह सब सेंटर में अपना कार्ड बनवाने के लिए अपने देवर के साथ आई थी. जब उन्होंने एएनएम को कार्ड बनाने के लिए कहा तो उन्होंने साफ मना कर दिया, पिछले चार दिनों से वो अपना कार्ड बनवाने के लिए घूम रहे हैं. उस दौरान एएनएम के साथ उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि एएनएम अचानक गुस्से में आ गई और डंडा उठा लिया.
महिला का कहना है कि एएनएम द्वारा चलाया गया डंडा उसे लगा और वह दो महीने की गर्भवती भी है. अगर डंडे से चोट गंभीर होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था. घटना के दौरान एक युवक वीडियो बना रहा था. आरोप है कि इसी बात से एएनएम का गुस्सा और बढ़ गया और उसने आक्रामक व्यवहार किया.
फोन पर भी आशा वर्कर्स के साथ हुई थी बहस
एएनएम पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि 2 अप्रैल को कुलदीप ने आशा वर्कर्स के पास कार्ड बनवाने के लिए फोन किया था, लेकिन बातचीत के दौरान उसने बहस शुरू कर दी. उस समय एएनएम कहीं इंजेक्शन लगाने गई हुई थीं, इसलिए आशा वर्कर्स ने उसे अगले दिन का समय दे दिया. इसके बाद कुलदीप अगले दिन सुबह करीब 9 बजे मौके पर पहुंच गया. कुछ ही देर में दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसमें कथित तौर पर कुलदीप ने उन्हें अनपढ़ कहा.
एएनएम के अनुसार, इसके बाद उन्हें धक्का दिया गया, जिसके जवाब में उन्होंने डंडा उठा लिया. फिलहाल, किसके आरोप में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर ली है.
Source: IOCL



























