दिल्ली में होली मनाने वालों के लिए एक जरूरी खबर है. बुधवार (4 मार्च) को होली के मौके पर दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर दोपहर 2:30 बजे तक मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी. सुबह से लेकर 2:30 बजे तक किसी भी लाइन पर मेट्रो नहीं चलेगी. इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने साफ किया है कि 4 मार्च को सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं ठीक दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगी. इसके बाद मेट्रो ट्रेनें सामान्य दिनों की तरह चलती रहेंगी. शाम और रात के समय यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.

Continues below advertisement

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए भी अहम जानकारी

जो लोग 4 मार्च को एयरपोर्ट जाने या आने का प्लान बना रहे हैं, उन्हें खास ध्यान रखने की जरूरत है. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी 2:30 बजे तक कोई सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी. ऐसे में यात्रियों को अपने सफर की योजना पहले से बनानी होगी, ताकि कोई दिक्कत न हो.

त्योहार को देखते हुए लिया गया फैसला

होली के दिन सुबह ज़्यादातर लोग घरों में परिवार और दोस्तों के साथ त्योहार मनाते हैं. रंग-गुलाल और पानी की वजह से लोग कम ही बाहर निकलते हैं, इसलिए सुबह मेट्रो में यात्रियों की संख्या भी काफी घट जाती है.

Continues below advertisement

इसी स्थिति को देखते हुए मेट्रो प्रशासन हर साल समय में बदलाव करता है. इस बार भी यात्रियों की कम आवाजाही को ध्यान में रखकर दोपहर बाद से सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया गया है.

DMRC ने यात्रियों से की अपील

यात्रियों से अपील की गई है कि वे 4 मार्च को यात्रा की योजना बनाते समय इस बदलाव का ध्यान रखें. अगर किसी को जरूरी काम से निकलना है तो वैकल्पिक साधनों का इंतजाम पहले से कर लें. दोपहर 2:30 बजे के बाद मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से मिलेंगी, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है.  बस टाइमिंग का ध्यान रखें और सुरक्षित तरीके से होली मनाएं.

नमो भारत और मेरठ मेट्रो को लेकर भी अपडेट

वहीं, एनसीआरटीसी ने सोमवार को कहा कि होली के दिन 4 मार्च को नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं शाम पांच बजे से रात 10 तक ही उपलब्ध रहेंगी। एनसीआरटीसी ने कहा कि उस दिन सुबह और दोपहर के समय ये सेवाएं निलंबित रहेंगी और आवश्यक यात्रा को सुगम बनाने के लिए शाम में परिचालन फिर शुरू हो जाएगा।   निगम ने कहा कि रविवार एवं अन्य सभी दिन नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक चलेंगी। ये सेवाएं मेरठ समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रमुख हिस्सों को जोड़ती हैं तथा इनका उद्देश्य शहरी और क्षेत्रीय स्तर पर तेज एवं आरामदायक आवागमन प्रदान करना है।