Delhi Metro: मेट्रो की सुरक्षा जांच में इन्हें मिलेगी प्राथमिकता, इस पहल के पीछे DMRC की क्या है रणनीति?
Delhi Metro News: डीएमआरसी (DMRC) के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के अनुसार नई व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे यात्रियों को राहत देना है जो समाज में विशेष देखभाल और सहूलियत के हकदार हैं.

Delhi Metro New Scheme: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की है. अब मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान दिव्यांगजन, गर्भवती महिलाएं, नवजात शिशु के साथ यात्रा कर रहीं महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और घायल व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी. इस आदेश पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सहयोग से सभी मेट्रो स्टेशनों पर अमल में लाने को कहा गया है.
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे यात्रियों को राहत देना है जो विशेष देखभाल और सहूलियत के हकदार हैं. सुरक्षा जांच के दौरान वरीयता मिलने से न केवल उनका सफर अधिक सहज होगा बल्कि उन्हें लंबी कतारों में प्रतीक्षा से भी मुक्ति मिलेगी.
सुविधा का दुरुपयोग रोकने के लिए दस्तावेज दिखाना जरूरी
सुविधा का दुरुपयोग रोकने की अपील सुरक्षाकर्मी यात्री से कर सकते हैं. यात्रियों को उनकी स्थित से जुड़े दस्तावेजों को दिखाने का सीआईएसएफ के अफसर कर सकते हैं.
अनुज दयाल ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सुरक्षाकर्मी संबंधित यात्री से उनकी स्थिति से जुड़े दस्तावेज दिखाने का अनुरोध कर सकते हैं. ताकि सुविधा का दुरुपयोग न हो. उन्होंने कहा कि मेट्रो प्रबंधन ने हमेशा से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी है.
डीएमआरसी के सभी परिसर यात्रियों के अनुकूल हैं, जिनमें स्पर्शनीय पथ, व्हीलचेयर और अन्य सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं. ताकि उन्हें निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके.
सामाजिक सरोकार पर जोर
डीएमआरसी की नई पहल से न केवल सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूती से निभाने में मदद मिलेगी बल्कि देशभर की अन्य सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के लिए यह एक प्रेरणादायी उदाहरण भी हो सकता है. बता दें कि डीएमआरसी अस्तित्व में आने के समय से ही सामाजिक सरोकार जैसे पहलुओं पर जोर देती आई. यही वजह है कि उसकी छवि यात्रियों के बीच अलग है.
























