दिल्ली में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है. सुरक्षा कारणों से 12 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के 6 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी. हालांकि, इन स्टेशनों पर मेट्रो बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी.
DMRC ने इस संबंध में सर्विस अपडेट जारी कर यात्रियों को इसकी जानकारी दी है. ऐसे में सोमवार को इन स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लेनी चाहिए, ताकि उन्हें रास्ते में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
दिल्ली पुलिस के एक्शन पर भड़की कांग्रेस, बोली- 'विरोध की आवाज...'
इन 6 मेट्रो स्टेशनों पर बंद रहेगा प्रवेश और निकास
दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से 6 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रखने का फैसला किया गया है. इनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं.
इन सभी स्टेशनों पर 12 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी. इस दौरान यात्री इन स्टेशनों से मेट्रो में चढ़ नहीं सकेंगे और न ही यहां उतरकर स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे.
इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी
हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसका मतलब है कि यात्री इन स्टेशनों का इस्तेमाल एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए कर सकेंगे. लेकिन स्टेशन में प्रवेश और बाहर निकलने पर लगी रोक का ध्यान रखना जरूरी होगा.
DMRC के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी. इसके बाद जरूरत के अनुसार आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे. ऐसे में स्टेशन खोलने या प्रतिबंधों में बदलाव को लेकर यात्रियों को आधिकारिक सूचना पर नजर रखनी चाहिए.
दिल्ली प्रदर्शन में नाबालिग से मारपीट करने वाले 4 आरोपियों की पहचान, पुलिस लेगी एक्शन
दिल्ली में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. यात्रियों को सलाह है कि वे अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या दूसरे रास्तों की जानकारी पहले ही हासिल कर लें.
