दिल्ली: आनंद विहार इलाके में झाड़ियों से मिला यूट्यूबर आकाश का शव, 7 मार्च से थे लापता
Delhi Crime News: परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने आकाश के मोबाइल की अंतिम लोकेशन आनंद विहार क्षेत्र में बताई थी. परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो साल की बेटी है.

पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से लापता हुए 28 वर्षीय यूट्यूबर आकाश का शव सोमवार (09 मार्च) को आनंद विहार इलाके के जंगल में झाड़ियों से बरामद हुआ. परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया.
जानकारी के अनुसार, आकाश 7 मार्च से मंडावली स्थित अपने घर से लापता थे. परिजनों ने उसी दिन मंडावली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने मामले में गंभीरता से कार्रवाई नहीं की.
तलाशी के बाद झाड़ियों में मिला आकाश का शव
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने आकाश के मोबाइल की अंतिम लोकेशन आनंद विहार क्षेत्र में बताई थी. इसके बाद परिवार के लोग खुद वहां पहुंचे और जंगल वाले इलाके में काफी देर तक तलाश करने के बाद झाड़ियों में आकाश का शव मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची आनंद विहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंडावली थाना पुलिस को जानकारी दी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आकाश मंडावली ऊंचे पर इलाके में परिवार के साथ रहते थे और कपड़े का शोरूम चलाते थे. सोशल मीडिया पर उनके चार लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं. परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो साल की बेटी है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का लिया जायजा
पीआईए पुलिस स्टेशन क्षेत्र में टेल्को टी-पॉइंट के पास डीडीए की खाली जमीन पर लगभग 30-35 वर्ष के एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. प्रथम दृष्टया किसी तरह की गड़बड़ी या हत्या का संदेह नहीं पाया गया है.
जांच के दौरान मृतक की पहचान पुष्पेंद्र उर्फ आकाश, पिता बुधपाल सिंह, निवासी स्कूल ब्लॉक, मंडावली, दिल्ली के रूप में हुई है. आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























