Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के अस्तित्व से 12 दिसंबर के दिन का एक अलग ही नाता है. 1911 में आज ही के दिन कलकत्ता (अब कोलकाता) के स्थान पर दिल्ली को देश की राजधानी बनाने का फैसला किया गया था. ब्रिटेन के राजा रानी उस समय भारत के दौरे पर आए हुए थे और उन्होंने दिल्ली के बाहरी इलाके में आयोजित दिल्ली दरबार में यह ऐलान किया था कि भारत की राजधानी कलकत्ता की बजाय अब दिल्ली होगी.
इसके बाद ब्रिटिश आर्किटेक्ट सर हरबर्ट बेकर और सर एडविन लुटियंस ने नए शहर की प्लानिंग बनाई. इस योजना को पूरा करने में करीबन दो दशक का समय लग गया था. जिसके बाद 13 फरवरी 1931 को ऑफिशियल तरीके से दिल्ली देश की राजधानी बन गई.
क्यों बनी दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी?दिल्ली को राजधानी बनाने की एक वजह यह भी थी कि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह शहर बहुत महत्वपूर्ण था. 1857 के गदर के वक्त अंग्रेजों के जानमाल की सुरक्षा दिल्ली में ही हुई थी. दिल्ली में विद्रोह को दबा दिया गया था. ब्रिटिश सरकार के प्रतिनिधि वाइसरॉय यहीं रिज में रह रहे थे. वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय का कुलपति कार्यालय ही उस समय वाइस रॉय का रेजिडेंस था.
12 दिसंबर की तारीख को इतिहास में क्या-क्या हुआ?बता दें 12 दिसंबर की तारीख पर इतिहास में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है. 1882 में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का बांग्ला उपन्यास 'आनंद मठ' प्रकाशित हुआ. 1911 में कलकत्ता (अब कोलकाता) की बजाय दिल्ली को भारत की राजधानी बनाने का ऐलान किया गया. 1950 में दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित सितारे और बेहद लोकप्रिय अभिनेता रजनीकांत का जन्म हुआ. रजनीकांत उनका फिल्मी नाम है, जबकि उनका वास्तविक नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है.
1958 में विल्सन जोन्स अमेच्यर बिलियर्ड्स में विश्व चैंपियन बने. 1964 में ब्रिटेन से आजादी के एक साल बाद केन्या एक गणराज्य बना. 1988 में दक्षिण लंदन में सुबह के व्यस्त समय में तीन रेलगाड़ियों के आपस में टकरा जाने से 35 लोगों की मौत हो गई जबकि एक सौ से ज्यादा लोग घायल हुए. 2009 में डेमोक्रेटिक नेता एनीस पार्कर की जीत के साथ ही ह्यूस्टन उस समय का अमेरिका का सबसे बड़ा शहर बन गया, जिसने एक समलैंगिक को अपना मेयर चुना.
2015 में पेरिस में संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के दौरान जलवायु परिवर्तन पर ऐतिहासिक समझौता, जिसमें 195 देश ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने पर राजी हुए. इस समझौते ने क्योटो करार का स्थान लिया. 2018 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में 15 साल लंबे कार्यकाल के बाद बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव में हार के बाद पद से इस्तीफा दिया. 2018 में शक्तिकांत दास ने भारतीय रिजर्व बैंक के 25वें गवर्नर के रूप में पदभार संभाला.
2019 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संशोधित नागरिकता कानून को मंजूरी दी. 2019 में लोकसभा और विधानसभाओं में अनुसूचित जाति और जनजातियों को मिले आरक्षण की अवधि 10 साल बढ़ाने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को संसद की मंजूरी मिली. 2019 में रूस के एकमात्र विमानवाहक पोत में आर्कटिक शिपयार्ड में मरम्मत के दौरान आग लगी. 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्विटर अकाउंट कुछ समय के लिए हैक हुआ.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में ताबड़तोड़ कटे गाड़ियों के चालान! प्रदूषण सर्टिफिकेट न होने पर वसूल किए 260 करोड़
