DDMA Meeting: दिल्ली में कोरोना स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कल गुरुवार 22 सितंबर को बैठक करेगा. इस बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल और डीडीएमए के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना (Vinai Kumar Saxena) के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) उपस्थित रहेंगे. इस बैठक को लेकर एक सीनियर सरकारी अधिकारी ने बताया कि डीडीएमए की बैठक में यह आकलन किया जाएगा कि कोरोना के संक्रमण से निपटने के लिए अस्पतालों में मौजूद संसाधनों को कम किया जाना चाहिए या आगे बनाए रखा जाना चाहिए.
सीनियर सरकारी अधकारी ने बताया कि इस समय दिल्ली में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट और अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या काफी कम है. इसलिए डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों सहित अस्पतालों में मौजूद संसाधनों को अन्य जरूरतों को पूरा करने में उपयोग किया जा सकता है. दिल्ली में कोरोना की स्थिति की समीक्षा को लेकर होने वाली डीडीएमए की बैठक गुरुवार शाम 4 बजे होगी. डीडीएमए ने अप्रैल में हुई अपनी पिछली बैठक में लोगों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया था.
दिल्ली में मंगलवार को 0.82 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट के साथ 81 कोरोना के केस दर्ज किए गए थे, इस दौरान कोरोना संक्रमण से एक मरीज की मौत हुई थी. दिल्ली में पिछले कई दिनों से कोरोना के मामलों में गिरावट देखने को मिली है. शनिवार को राजधानी में 0.88 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट के साथ 89 कोरोना के मामले सामने आए थे.
इस समय दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 463 है, जिनमें से 349 मरीज होम आइसोलेशन में है.दिल्ली में कोरोना के मरीजों के लिए अस्पतालों में आरक्षित 9,270 बिस्तरों में से केवल 44 पर ही कोरोना संक्रमित मरीज हैं. बता दें कि दिल्ली में 13 जनवरी को कोविड के 28867 केस सामने आए थे जो एक दिन में रिकॉर्ड केस दर्ज हुए थे. इसके बाद 14 जनवरी को 30.6 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट दर्ज हुआ था जो कोरोना की तीसरी लहर में सबसे अधिक था.
Delhi: दिल्ली में पटाखों पर रोक का मामला, केजरीवाल सरकार के फैसले के खिलाफ SC पहुंचे मनोज तिवारी
