10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के मद्देनजर कनॉट प्लेस के दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है. न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एहतियात के तौर पर कनॉट प्लेस की सभी दुकानों, ऑफिस, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कल बंद रखने की सलाह दी. एडवाइजरी में अधिकारियों के निर्देशों और कनॉट प्लेस के आसपास की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की भी अपील की गई है.
दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के मालिकों से अपील की गई है कि वे निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या लोगों के घायल होने की आशंका से बचा जा सके.
मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
बता दें कि सीजेपी के प्रोटेस्ट को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं. कई ट्रेन कैंसिल की गई हैं. दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात 9 बजे से बंद रहेंगे. दिल्ली के बॉर्डर पर भी अलर्ट है. गाजीपुर, चिल्ला, टीकरी, सिंघु, गुरुग्राम, कपासहेड़ा, लोनी और बदरपुर पर अलर्ट है. शराब की दुकानें बंद हैं.
दिल्ली पुलिस का खत
इस बीच दिल्ली पुलिस ने लोगों को खुला खत लिखा. पुलिस ने कहा कि आपकी आवाज आपका हक है. आपकी सुरक्षा हमारा फर्ज है. वर्दी के पीछे भी एक इंसान है. जिसका अपना परिवार है, अपने लोग हैं.
पुलिस ने नहीं दी प्रदर्शन की इजाजत
पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है क्योंकि प्रदर्शन का आवेदन देरी से दिया गया. पुलिस के मुताबिक, 10 दिन पहले सूचना देनी होती है. नई दिल्ली इलाके में धारा 163 लागू है. पुलिस ने साफ किया है कि उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई होगी.
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली आने वाली 38 ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं. 38 ट्रेन रद्द होने से 30856 यात्री प्रभावित हुए हैं. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से ट्रेन बंद हैं. यहां से कल सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक किसी ट्रेन की आवाजाही नहीं होगी.
ट्रेन-मेट्रो बंद होने पर चिराग पासवान बोले, 'युवाओं को कोई नहीं रोक सकता प्रभु'
