आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने गुरुवार (2 अप्रैल) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया. आप सांसद का यह वीडियो राज्यसभा में AAP के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सदन में पार्टी के उपनेता के रूप में उठाए गए मुद्दों का जिक्र किया. अब उनके इस वीडियो पर आप नेता सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया सामने आई है.

Continues below advertisement

AAP नेता  सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राघव भईया, मैंने आपका वीडियो देखा, हम सब अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं और हमने सिर्फ एक ही चीज सीखी है जो डर गया, वो मर गया. हम सबको जनता के मुद्दे सरकार की आँखों में आँख डालकर उठाने थे, पिछले कुछ दिनों में हमने देखा है कि जो भी सरकार के खिलाफ कोई गंभीर मुद्दा उठाता है, सवाल करता है, जनता की बात करता है, उसे सरकार तानाशाही तरीके से सोशल मीडिया पर बैन कर रही है.

उन्होंने कहा चाहे ट्विटर हो, फेसबुक हो या यूट्यूब हर जगह उसे बैन किया जा रहा है. आप नेता ने कहा कि एफआईआर दर्ज की जा रही हैं, केस लगाए जा रहे हैं. सरकार को संसद में किसी सॉफ्ट पीआर की कोई परवाह नहीं है, क्योंकि संसद में एक छोटी पार्टी को बहुत सीमित समय मिलता है.

Continues below advertisement

देश के बड़े मुद्दों की बात करना ज्यादा जरूरी- सौरभ भारद्वाज

इसके साथ ही आप नेता ने कहा कि अगर कोई सदन में कोई समोसे की बात कर रहा है, तो देश के बड़े मुद्दों की बात करना ज्यादा जरूरी है. पूरे देश में हमने देखा है कि हर राज्य में चुनाव से पहले सही लोगों के वोट काटे जाते हैं और फर्जी वोट बनाकर सरकार सिस्टम पर कब्जा करके चुनाव जीत रही है. यह सब पश्चिम बंगाल में भी हो रहा है, अभी सभी विपक्षी दल सीईसी के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाना चाहते थे, लेकिन आपने उन्हें साइन करने से रोक दिया.

पंजाब के मुद्दे उठाने से भी डरते हैं- सौरभ भारद्वाज

उन्होंने कहा कि जब भी कोई मुद्दा आता है, जिस पर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते. पिछले कुछ सालों में मैंने देखा है कि आपने संसद में ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया जिसमें आपने प्रधानमंत्री या बीजेपी सरकार से सवाल किया हो. ऐसी निडर राजनीति कैसे चलेगी? पंजाब, जहां से आप आते हैं, उसके मुद्दे उठाने से भी डरते हैं. अभी गुजरात में पार्टी के लगभग 160 कार्यकर्ताओं पर झूठे केस में एफआईआर दर्ज की गई है, कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, लेकिन आप उस पर भी चुप रहते हैं.

सोचिए, आप कहां से चले थे और अब कहां आ गए- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नेता हमारे सारे नेता जेल में थे, अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री रहते हुए सरकार ने झूठे केस में गिरफ्तार कर लिया उस समय आप देश में नहीं थे, आप कहीं चले गए और छिप गए. मेरा मानना है कि देश के लिए हमें असली मुद्दों को हिम्मत और बेखौफ होकर उठाना होगा, बीजेपी की आँखों में आँख डालकर सवाल करने होंगे. वरना आपके सॉफ्ट मुद्दों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि कल से बीजेपी सोशल मीडिया पर आपको सपोर्ट कर रही है. सोचिए, आप कहां से चले थे और अब कहां आ गए हैं, देश को क्या चाहिए और आप उसे बेहतर कैसे बना सकते हैं.