Korba News: 'मैं ननकीराम का बेटा हूं, जो करना है...', शराब के नशे में पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने किया बवाल
Korba News In Hindi: घटना के बाद जब दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने संदीप कंवर को समझाने की कोशिश की, तो मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया. नशे में धुत संदीप ने बुजुर्ग के साथ मारपीट भी की.

कोरबा जिले में एक बार फिर सत्ता के प्रभाव और कानून व्यवस्था की मजबूरी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर से जुड़ा है, जिसने शराब के नशे में सड़क किनारे लगे एक दुकान को टक्कर मारने के बाद दुकानदार के साथ मारपीट कर दी. साथ ही कहा कि मैं ननकीराम का बेटा हूं जो करना है कर लो.
घटना के बाद पुलिस कार्रवाई करती, उससे पहले ही संदीप कंवर ने कोतवाली थाने में बवाल मचाकर मौके से कार लेकर निकल गया. इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक रसूख के सामने बेबस कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है.
दुकान को मारी टक्कर
पूरा घटनाक्रम कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास का है. बताया जा रहा है कि संदीप कंवर शराब के नशे में स्वीफ्ट डिजायर कार चला रहे थे. इसी दौरान उनकी कार एक सेवईं की दुकान से जा टकराई. यह दुकान एक महिला पुलिस कांस्टेबल के पिता की बताई जा रही है. इस घटना से दुकान को नुकसान पहुंचा और आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए.
बुजुर्ग के साथ मारपीट का आरोप
घटना के बाद जब दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने संदीप कंवर को समझाने की कोशिश की, तो मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया. आरोप है कि नशे में धुत संदीप कंवर ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी.
पुलिस अधिकारियों के सामने दी गालियां
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कार सहित कोतवाली थाने ले जाया गया. बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी संदीप कंवर का व्यवहार आक्रामक ही बना रहा. शराब के नशे में उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने ही गाली-गलौच शुरू कर दी.
मूकदर्शक बनी रही पुलिस
इस दौरान कुछ समर्थक भी थाने पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समर्थकों ने संदीप कंवर को कार में बैठाया और थाने से लेकर चले गए, जबकि पुलिस अधिकारी मौके पर मूकदर्शक बने रहे. यह पूरा घटनाक्रम कई गंभीर सवाल खड़े करता है. अगर किसी आम व्यक्ति द्वारा शराब के नशे में इस तरह की घटना की जात, तो संभवतः उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई होती.
पहले भी कर चुके हंगामा
बहरहाल, यह पहली बार नहीं कि संदीप कंवर ने सड़क पर हंगामा किया हो, इससे पहले भी राजधानी रायपुर और कोरबा में ही संदीप कंवर द्वारा सड़क दुर्घटना को अंजाम देने के बाद उन्हें यूं ही छोड़ दिया गया.
Source: IOCL




























