Bastar News: छत्तीसगढ़ में अगले साल विधानसभा चुनाव को देखते हुए बस्तर बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है. हर बूथ पर पकड़ बनाने और स्थिति मजबूत करने की दिशा में काम हो रहा है. बीजेपी के सभी बड़े पदाधिकारी और पूर्व मंत्री केदार कश्यप भी शक्ति केंद्रों में पोलिंग बूथ वार कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के साथ ही जनसंपर्क में भी जुट गए हैं. जगदलपुर में 98 मतदान केंद्रों के लिए बीजेपी ने 15 शक्ति केंद्र बनाए हैं. शक्ति केंद्रों में BJP के बड़े नेताओं को विस्तारक बनाया गया है. सभी विस्तारक आगामी 20 मई तक शक्ति केंद्रों में शामिल बूथ सेंटर पर डेरा डालेंगे. सभी शक्ति केंद्रों को अलग-अलग नाम दिया गया है और सभी केंद्रों पर बड़े नेता पुराने कार्यकर्ताओं को चार्ज करने का काम कर रहे हैं.

अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी

बस्तर के सभी बीजेपी नेताओं ने शक्ति केंद्रों की कमान संभाल ली है. शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं में चुनावी बिगुल फूंकने का काम नेता कर रहे हैं. प्रदेश महामंत्री किरण देव ने बताया कि 15 शक्ति केंद्रों में अलग-अलग बीजेपी के नेता पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं. पुराने कार्यकर्ताओं को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुटने को कहा जा रहा है. उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर बीजेपी नेता जनसम्पर्क भी कर रहे हैं और राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर कर रहे हैं. जनसम्पर्क अभियान के जरिए 3 वर्ष की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता से रूबरू कराया जा रहा है. 

Chhattisgarh News: सीएम भूपेश बघेल के भगवान श्रीराम को लेकर दिए बयान पर रमन सिंह का पलटवार, जानिए क्या कहा

जनसम्पर्क में सरकार की निकाली जा रही खामी

पूर्व शिक्षा मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में बस्तर की जनता ने कांग्रेस को मौका दिया लेकिन 3 साल के कार्यकाल में अब जनता भी कांग्रेस को पूरी तरह समझ चुकी है. यही वजह है कि सभी बीजेपी नेता डोर टू डोर लोगों से मिल रहे हैं और सरकार की विफलताओं को बता रहे हैं. जनसम्पर्क अभियान चलाकर केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी बताया जा रहा है. बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बूथ लेवल बैठक पर कांग्रेस ने प्रतिरक्रिया दी है. जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की योजना जन जन तक पहुंच रही है. उन्होंने बीजेपी के 15 वर्षों का कार्यकाल बनाम कांग्रेस के 3 साल का कार्यकाल की भूपेश बघेल की जमकर सराहना की.  उन्होंने कहा कि बीजेपी लाख जतन कर ले चुनावी तैयारी का कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा. एक बार फिर से जनता कांग्रेस को ही वोट देगी और पूरे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी.

Chhattisgarh: चौपाल में जनता ने की शिकायत, अधिकारी बिना कमीशन नहीं करते काम, सीएम बघेल ने लिया बड़ा एक्शन