मुजफ्फरपुर में शराब के साथ पकड़े गए युवक की कोर्ट ले जाने के दौरान मौत, परिजन आक्रोशित, RJD सरकार पर हमलावर
Muzaffarpur Youth Died: युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव है. परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं प्रशासन इस मामले में जांच की बात कह रहा है.

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में शराब के साथ पकड़े गए एक युवक की गुरुवार को कोर्ट ले जाने के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट होने से मौत का आरोप लगाया है. अब इस मामले राजनीतिक एंगल भी आ गया है. आरजेडी ने घटना को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया.
युवक की अचानक बिगड़ गई तबीयत
दअरसल बुधवार को मोतीपुर के भवानी डीह से शराब रखने के आरोप में बालेंद्र राय को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद गुरुवार को जब उसे कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसके मुंह से खून आने लगा, जिसके बाद आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है. मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस ने हिरासत में बेरहमी से पिटाई की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. वहीं, पूरे मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट कर सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं.
बेसुध, बदहवास, अचेत मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री @NitishKumar के अधीन निरंकुश @bihar_police खून की प्यासी हो चुकी है!
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) June 19, 2025
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर भवानी डीह में एक युवक बालेंद्र राय को मद्य निषेध विभाग पकड़ कर ले जाती है और कस्टडी में पीट पीटकर हत्या कर देती है!
पुलिसकर्मियों द्वारा… pic.twitter.com/D17WH6IdfY
आरजेडी ने पोस्ट में लिखा है, "मुजफ्फरपुर के मोतीपुर भवानी डीह में एक युवक बालेंद्र राय को मद्य निषेध विभाग पकड़ कर ले जाती है और कस्टडी में पीट पीटकर हत्या कर देती है! पुलिसकर्मियों द्वारा युवक की हत्या करने से पहले तो पूरा पुलिस विभाग सोया हुआ था पर युवक की हत्या अब जब स्थानीय लोगों के उग्र होने की संभावना है तो अपने कसूरवारों को बचाने और आम लोगों को विरोध प्रदर्शन करने से रोकने के लिए बिहार पुलिस जाग गई है!"
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल
वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं प्रशासन इस मामले की जांच की बात कह रहा है. पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी है. जबकि परिजन इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं. उत्पाद उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि बालेंद्र की तबीयत कोर्ट ले जाने के दौरान खराब हुई और उसे समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वही परिजनों ने पूरे प्रकरण को हत्या बताया है. उनका कहना है कि हिरासत में रहने के दौरान युवक की तबीयत इतनी बिगड़ी कैसे? क्या वाकई पिटाई हुई थी या कोई और वजह थी? हालांकि अब इस पूरे मामले पर निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार के सभी डीसीएलआर 3 महीने के अंदर हटाए जाएं, पटना हाईकोर्ट का निर्देश, जानें पूरा मामला
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























