बिहार में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अब Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है. वहीं बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा को घटाकर Z से Y श्रेणी कर दिया गया है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को Z श्रेणी की सुरक्षा मिली है. वहीं केंद्रीय मंत्री और जदयू से सांसद ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी नेता मंगल पाण्डेय को Z श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है.

Continues below advertisement

बिहार में इन बड़े नेताओं की सुरक्षा हटाई गई

इसके अलावा बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और MLC मदन मोहन झा, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, RJD राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधानसभा पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी की Y श्रेणी की सुरक्षा भी पूरी तरह हटा ली गई है. सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किए गए नए खतरे के आकलन के आधार पर किया गया है.

नितिन नवीन 20 जनवरी को बने बीजेपी अध्यक्ष

Z कैटेगरी की सुरक्षा में शामिल होने वाले नितिन नवीन को 20 जनवरी 2026 को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया. उन्होंने पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष के रूप में इतिहास बनाया है. पीएम नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर बॉस कहा था और साफ किया कि पार्टी के मामलों में अब नितिन नवीन के फैसले सर्वोपरि होंगे.

Continues below advertisement

लोक हारा और तंत्र जीता- तेजस्वी यादव

अभी हाल में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सत्ता पक्ष पर निशाना साधा था. उन्होंने चुनाव परिणाम को लेकर कहा था कि पूरा देश कह रहा है कि हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में लोक हारा और तंत्र जीता. उन्होंने कहा, ''जनतंत्र को धन-तंत्र और मशीनतंत्र बना दिया गया है. छल-कपट-प्रपंच और मशीनरी से प्राप्त जनादेश को जनता कितना स्वीकार कर रही है, यह सभी जानते हैं.''

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 और सरकार के गठन के कुछ ही महीने बाद कई बड़े नेताओं की सुरक्षा में बदलाव को सियासी हलकों में अहम माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि ये फैसला प्रदेश स्तरीय सुरक्षा समीक्षा समिति की रिपोर्ट और खुफिया इनपुट के आधार पर लिया गया है. तेजस्वी यादव महागठबंधन में सीएम पद के उम्मीदवार थे लेकिन चुनाव में बुरी तरह से हार सामना करना पड़ा था.