मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सरक्षा प्रदान की गई है. सबसे खास बात है कि मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफे के बाद भी उन्हें जेड प्लस की सुरक्षा मिलती रहेगी. इसको लेकर गृह विभाग (विशेष शाखा) की ओर से पत्र जारी किया गया है. अब गृह विभाग की ओर से जो बातें पत्र में लिखी गई हैं उसको लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है.
'अभी देखते रहिए ये क्या-क्या करेंगे'
तेजस्वी यादव ने गृह विभाग के पत्र को अपने एक्स हैंडल से गुरुवार (02 अप्रैल, 2026) को शेयर किया. उन्होंने लिखा, "मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की ऐसी असम्मानजनक विदाई उनके दल और समर्थकों ने सपने में भी नहीं सोची होगी कि उनके इस्तीफे से पहले ही गृह विभाग और अधिकारी उन्हें भूतपूर्व बताने में लग गए हैं. अभी देखते रहिए, ये क्या-क्या करेंगे…"
यह भी पढ़ें- 'नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनें या फिर संन्यास ले लें', अवध ओझा बोले- 'चाहे 4 दिन के लिए…'
पत्र में लिखी किन बातों को लेकर उठाया मुद्दा?
दरअसल पत्र में लिखा गया है, "माननीय मुख्यमंत्री, बिहार, श्री नीतीश कुमार को बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट 2000 के तहत सुरक्षा अनुमान्य है. श्री नीतीश कुमार वर्तमान में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं तथा निकट भविष्य में बिहार विधान परिषद की सदस्यता एवं मुख्यमंत्री, बिहार के पद से त्याग पत्र देकर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे." तेजस्वी ने इन्हीं लाइनों को लेकर घेरा है कि अभी तो नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया नहीं है और इस तरह से पत्र जारी किया जा रहा है.
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं और उन्होंने पिछले महीने 30 मार्च को एमएलसी के पद से इस्तीफा दिया था. 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य के रूप में वे शपथ लेने वाले हैं. इससे साफ हो गया है कि वे सीएम पद छोड़ने वाले हैं. अब इस्तीफे के पहले ही जिस तरह से गृह विभाग ने सुरक्षा को लेकर पत्र जारी किया है इसको लेकर तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है. उनकी इस प्रतिक्रिया पर सियासी बवाल मच सकता है. अब देखना होगा कि एनडीए के नेता इस पर क्या कुछ कहते हैं.
यह भी पढ़ें- इधर नीतीश कुमार जा रहे दिल्ली, उधर निशांत ने भी ले लिया बड़ा 'संकल्प', कहा- 'पार्टी से जुड़ने…'
