जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए एक बार फिर 'जयचंद' का नाम लिया. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पहले तेजस्वी यादव से जा के पूछिए कि आरजेडी के पोस्ट से लालू-राबड़ी की तस्वीर क्यों हटाई गई, तब मेरे पोस्टर पर बात किजीएगा.
पत्रकारों के सवाल पर पूछ दिए ये सवाल
दरअसल मीडिया के पत्रकारों ने तेज प्रताप से पूछ लिया कि आपकी पार्टी के पोस्टर में लालू यादव की तस्वीर क्यों नहीं है? इस पर उनहोंने जवाब देते हुए कहा कि "मेरे माता-पिता एक अलग राजनीतिक दल से हैं. मैं अपनी पार्टी के पोस्टरों पर उनकी तस्वीरें कैसे लगा सकता हूं? वे राजद में हैं. यह मेरी पार्टी के संविधान के अनुरूप नहीं है. पार्टी के नेताओं की तस्वीरें लगी है.
उन्होंने आगे कहा कि "तेजस्वी यादव की होर्डिंग भी लगी है, उनमें माता-पिता की तस्वीरें भी नहीं है. मैं अपने माता-पिता का सम्मान करता हूं और वे मेरे दिल में हैं आज होर्डिंग पर तस्वीर लग सकती है और कल हट सकती है. तेजस्वी यादव की होर्डिंग से भी माता-पिता की तस्वीरें गायब हैं."
तेज प्रताप की पार्टी के पोस्टर पर लालू यादव नहीं
बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक नई पार्टी बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव में उतर गए हैं. पार्टी का नाम "जनशक्ति जनता दल" है और इसका चुनाव चिन्ह "ब्लैक बोर्ड" है. तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पार्टी का पोस्टर भी शेयर किया है, जिस पर लालू यादव की तस्वीर नहीं है. इसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने खुद ही तेजस्वी यादव से सवाल पूछ दिए कि आरजेडी के पोस्टर से लालू यादव की तस्वीर क्यों गायब है.
ये भी पढ़ें: Nawada News: नवादा में पूर्व बीजेपी विधायक अनिल सिंह पर हमला, गाड़ी की क्षतिग्रस्त, मचा राजनीतिक घमासान
