दिल्ली में SIR और मतदाता सूची को लेकर विपक्षी दलों ने हल्लाबोल प्रदर्शन किया. इस दौरान आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को अपना नाम वोटर लिस्ट में सुरक्षित रखना है, उन्हें अब सड़कों पर उतरना होगा. सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं और पुलिस लोगों को सड़क पर उतरने से भी रोक रही है.
सुधाकर सिंह ने कहा, “आपका नाम वोटर लिस्ट में संकट में है, उसके लिए आपको सड़कों पर उतरना होगा.” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे केवल संबंधित संस्थाओं के पास अपील करने के बजाय सड़क पर उतरकर अपनी आवाज उठाएं. उन्होंने कहा कि यही अंतिम विकल्प रह गया है.
यह भी पढ़ें- 'ज्ञानेश कुमार से सवाल, पक्ष BJP रख रही', कांग्रेस बोली- 'इससे बड़ा...'
‘देश में अघोषित इमरजेंसी’
आरजेडी सांसद ने कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी लगा दी गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अब उन्हें सड़क पर निकलने से भी रोक रही है. हाल के दिनों में दिल्ली में मतदाता सूची के मुद्दे पर हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की ओर से हिरासत और प्रतिबंध लगाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं.
‘संसद और जंतर-मंतर तक रास्ता बंद’
सुधाकर सिंह ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल संसद तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा कि, “संसद तक हमारी यात्रा नहीं है, वहां ताला लगा दिया गया है. जंतर-मंतर को तालाबंद कर दिया गया है.” उन्होंने आरोप लगाया कि कोई संवैधानिक संस्था विपक्ष से बात नहीं करना चाहती.
‘इस्तीफा होने तक सड़क पर रहेंगे’
सुधाकर सिंह ने कहा कि वे आम लोगों के साथ सड़क पर हैं और तब तक रहेंगे, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती. हालिया प्रदर्शनों में विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है. सुधाकर ने कहा कि जब ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हम सड़क पर रहेंगे.
यह भी पढ़ें- नीरज कुमार संग विवाद की चर्चा के बीच अनंत सिंह का दावा, 'JDU में सब...'
