महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी रोहतास में ट्रक से टकराई, 2 महिलाओं की मौत, कई लोग घायल
Rohtas Road Accident: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले की रहने के वाले श्रद्धालु रोहतास में हादसे का शिकार हो गए. घटना शिवसागर थाना क्षेत्र के एनएच-2 पर घोरघट के पास हुई है.

Bihar Accident News: बिहार के रोहतास में बुधवार (12 फरवरी) को हुए एक सड़क हादसे में महाकुंभ से लौट रहे तीर्थयात्रियों का गाड़ी (बोलेरो पिकअप) ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना शिवसागर थाना क्षेत्र के एनएच-2 पर घोरघट के पास हुई है.
पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आए तीर्थयात्री प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करके लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकअप वाहन के चालक को झपकी आ गई होगी इसके चलते यह हादसा हुआ है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.
सदर अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
बताया जाता है कि जैसे ही हादसा हुआ मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. सड़क पर जाम लग गया जिसके चलते आवागमन बाधित हो गया. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से ट्रक और बोलेरो को किनारे कर यातायात को सुचारू किया जा सका. हादसे के बाद घायलों को तुरंत सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया. मृत महिलाएं पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले की रहने वाली थीं.
घटना पर क्या बोला स्थानीय प्रशासन?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. शिवसागर थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
दूसरी ओर इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है. बता दें कि इन दिनों कुंभ के रास्ते में भारी जाम की स्थिति है. 24-24 घंटे तक नेशनल हाईवे पर जाम रह रहा है. माना जा रहा है कि चालक और सफर करने वाले लोग रास्ते में थक जा रहे हैं. एक वजह यह भी है कि लोग हादसों के शिकार भी हो जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: हमें तो कुंभ जाना है! माघी पूर्णिमा पर ट्रेनों में ठेलमठेल, गया, बक्सर, कटिहार और नवादा की ये तस्वीरें देखिए
Source: IOCL























