आरजेडी के प्रवक्ता रहे मृत्युंजय तिवारी (Mrityunjay Tiwari) ने गुरुवार (16 जुलाई, 2026) को पार्टी छोड़ दी. वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कई कारण बताए. इस बीच राष्ट्रीय जनता दल की ओर से इस पर प्रतिक्रिया सामने आई है. पार्टी ने मृत्युंजय तिवारी की नाराजगी को दूर करने की बात कही है.
आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा, "पहली बात तो वो पार्टी के वफादार कार्यकर्ता हैं. लालू जी में और तेजस्वी यादव में उनकी भक्ति और आस्था है, तो क्यों इस्तीफा करेंगे? नाराजगी को दूर किया जाता है. नाराजगी दूर होनी ही है… और कोई बात नहीं है."
अब मंगनी लाल मंडल के बयान से ऐसा लग रहा है कि पार्टी ने मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है. उन्हें मनाने की कोशिश की जाएगी.
यह भी पढ़ें- मृत्युंजय तिवारी ने RJD से दिया इस्तीफा, लालू यादव के करीबी थे, कहा- 'कुछ लोग…'
'तेजस्वी यादव की भी नहीं चल रही'
दूसरी ओर एएनआई से बातचीत में मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "कुछ लोगों ने पिछले 7-8 महीने से लगातार अपमानित करने का काम किया. हमने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से इस बारे में बात की. सब लोगों ने आश्वासन दिया. हमने तेजस्वी यादव से भी कहा. तेजस्वी यादव भी कोई संज्ञान नहीं लिए. कुछ लोग पार्टी में खुदको इतना बड़ा समझ रहे हैं कि उनके आगे तेजस्वी यादव की भी नहीं चल रही. हमारे जैसे निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ता के लिए राजद से त्यागपत्र देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था."
बता दें कि मृत्युंजय तिवारी की गिनती आरजेडी के अच्छे प्रवक्ताओं में होती थी. नेशनल चैनल पर वे पार्टी की बातों को काफी बेहतर और दमदार तरीके से रखते थे. अब देखना होगा कि आगे उनका क्या कदम होता है.
यह भी पढ़ें- Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव ने निशांत कुमार पर ली चुटकी, 'स्वास्थ्य मंत्री जी जो पजामा…'
