Tej Pratap Yadav Post: आरजेडी विधायक तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) को भले ही उनकी पार्टी और परिवार से निकाल दिया गया हो, लेकिन समर्थकों में उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. आरजेडी समर्थकों में ही उनके चाहने वालों का एक धड़ा अलग है, जो तेज प्रताप के खास समर्थक माने जाते हैं.

तेज प्रताप ने पोस्ट में क्या लिखा?

ऐसे ही एक समर्थक का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है, जो अपने गीत के जरिए खुद को तेज प्रताप का जबरा फैन बता रहा है. ये वीडियो तेज प्रताप यादव ने खुद अपने एक्स एकाउंट पर पोस्ट किया है. 

दरअसल तेज प्रताप इन दिनों जनता दरबार लगा कर लोगों की समस्या सुन रहे हैं. इसी दौरान उनका एक समर्थक भी वहां पहुंचा और तेज प्रताप को अपना गीत सुनाकर खुश कर दिया. 

लोगों की समस्याओं को सुन रहे तेज प्रताप

वहीं आरजेडी विधायक ने खुद पोस्ट में लिखा, "आज लगातार तीसरे दिन “हर शाम- जनता के नाम” के तहत “सीधी बात- सीधा समाधान” में राज्य भर से आये हुए लोगों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान हेतु उचित कार्रवाई किया. साथ ही, आज जिला-जमुई से आये हुए गायक राजेश रसीला जी ने अपनी भावनात्मक गायकी से हम सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया". 

बता दें कि तेज प्रताप इन दिनों अपने परिवार की बेरूखी झेल रहे हैं. गर्लफ्रेंड के साथ उनकी वीडियो सामने आने के बाद लालू यादव ने उन्हें अपने परिवार और पार्टी से निकाल दिया है, जिसके बाद उन्होंने पार्टी में साजिश करने वालों का जिक्र भी किया और अब वो कोर्ट का रुख भी कर चुके हैं. 

ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव लड़ने को तैयार कन्हैया कुमार, कांग्रेस के आदेश का इंतजार!