बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है. इसी बीच बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब प्रशांत किशोर उनके विधायक भी हैं और सरकारी आवास पास होने की वजह से उनके पड़ोसी भी बन गए हैं. ऐसे में क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर वे सीधे उनसे बात करेंगे.

Continues below advertisement

रामकृपाल यादव ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने प्रशांत किशोर पर भरोसा जताया है, इसलिए अब उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र से जुड़ी कोई भी समस्या होगी तो वह एक स्थानीय निवासी और पड़ोसी होने के नाते उसे प्रशांत किशोर के सामने रखेंगे.

MLC बनने पर दीपक प्रकाश की पहली प्रतिक्रिया, सम्राट-नीतीश का नाम लेकर क्या बोले?

Continues below advertisement

'बांकीपुर को बेंगलुरु बनाने का वादा किया है'

मंत्री ने प्रशांत किशोर के चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जनता के बीच बड़े-बड़े दावे किए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर लगातार बैठकें कर रहे हैं और तीन महीने में बांकीपुर की तस्वीर बदलने तथा इसे बेंगलुरु जैसा विकसित क्षेत्र बनाने की बात कर रहे हैं. इसके लिए ब्लूप्रिंट तैयार करने का भी दावा किया गया है.

रामकृपाल यादव ने कहा कि यदि यह उनकी प्रतिबद्धता है तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि विकास के किसी भी काम में सहयोग देने के लिए वे और उनकी पार्टी तैयार हैं.

बदलते बयानों पर भी कसा तंज

हालांकि मंत्री ने प्रशांत किशोर पर हल्का राजनीतिक तंज भी कसा. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान और उसके बाद उनके कई बयान बदलते रहे हैं. जनता ने उनसे बड़ी उम्मीदें लगाई हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि वे अपने वादों को धरातल पर उतारकर दिखाएं. उन्होंने कहा कि राजनीति में घोषणाएं करना आसान है, लेकिन जनता के भरोसे पर खरा उतरना सबसे बड़ी चुनौती होती है.

विकास के मुद्दे पर सहयोग का भरोसा

रामकृपाल यादव ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन यदि बात बांकीपुर के विकास और जनता के हित की होगी तो वे पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि नए विधायक अपने क्षेत्र के विकास के लिए गंभीरता से काम करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे.

बांकीपुर उपचुनाव के बाद यह पहला मौका है जब सत्तापक्ष की ओर से प्रशांत किशोर को लेकर इस तरह का सकारात्मक लेकिन राजनीतिक संदेश देने वाला बयान सामने आया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि चुनावी वादों को लेकर प्रशांत किशोर किस तरह की कार्ययोजना सामने रखते हैं.

बांकीपुर में हार पर तेजस्वी के मामा साधु यादव का बयान, 'नहीं सुधरे तो…'