गया में पुलिस की गाड़ी से कुचल कर शख्स की मौत, ग्रामीणों ने वाहन फूंका पथराव भी किया, 2 पुलिसकर्मी घायल
Villagers Ruckus: गया में शराब ले जाने के संदेह पर एक शख्स का पुलिस पीछा कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार देवबली की वाहन से कुचल कर मौत हो गई.

गया के इमामगंज में शुक्रवार को पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से एक ग्रामीण की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर काफी देर तक हंगामा किया और पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया. मृतक की पहचान मेघास्थान गांव निवासी देवबली उर्फ बाबू चौधरी के रूप में की गई है.
जानकारी के मुताबिक ग्रामीण की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया. जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. वहीं पुलिस वाहन में भी आग लगा दी गई.
पुलिस वाहन ने शख्स को मार दी टक्कर
बताया जा रहा है कि देवबली गांव के ईंट भट्ठा के पास खड़ा था. तभी कोठी थाना पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन वहां पहुंची. पुलिस को देखकर देवबली भागने लगा. पुलिस को संदेह हुआ कि वह शराब लेकर जा रहा है. इसी दौरान पुलिस ने उसका पीछा किया. भागने के क्रम में बाइक सवार देवबली असंतुलित होकर गिर गया. तभी पीछे से आ रहे पुलिस वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गईं.
ये देखकर स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया. ग्रामीण विनय कुमार ने बताया कि पुलिस वाहन तेज रफ्तार में था. शराब का संदेह होने पर पीछा किया गया, जबकि मृतक के पास शराब भी बरामद नहीं हुआ है.
शराब के शक में पीछा कर रही थी पुलिस
कोठी थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस शराब कारोबार के शक में देवबली का पीछा कर रही थी. चुंकी पुलिस बल को देख वह बाइक से तेजी से भागने लगा. तभी यह हादसा हुआ है. आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया जा रहा है. वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की कोशिश की. थानाध्यक्ष संजीत कुमार का कहना है कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























