बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की मंगलवार (20 अक्टूबर 2026) रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तबीयत बिगड़ गई. कटिहार के पोठिया में दुर्गा पूजा मेला समिति के कार्यक्रम में फीता काटने के बाद उन्हें अचानक चक्कर आ गए. वह लड़खड़ाकर गिरने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाल लिया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. तबीयत खराब होने के बाद उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोड़ना पड़ा और वह इलाज के लिए पूर्णिया रवाना हो गए.

Continues below advertisement

पप्पू यादव मंगलवार रात कटिहार के पोठिया में आयोजित दुर्गा पूजा मेले में पहुंचे थे. उन्होंने सबसे पहले मां दुर्गा के दर्शन किए. इसके बाद मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक का आयोजन होना था. सांसद को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था. वह मंच पर पहुंचे और मुख्य अतिथि की कुर्सी पर बैठे.

यह भी पढ़ें- अक्षरा सिंह फैन पर भड़कीं, महिलाओं की बेइज्जती पर लगाई फटकार, फिर बोलीं- आई लव यू

Continues below advertisement

फीता काटते ही लड़खड़ाने लगे

कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए पप्पू यादव को आमंत्रित किया गया. वह कुर्सी से उठकर फीता काटने पहुंचे. फीता काटने के तुरंत बाद उन्हें अचानक चक्कर आ गए. वह लड़खड़ाने लगे और मंच पर गिरते-गिरते बचे. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और कुर्सी पर बैठाया. घटना के दौरान मौजूद लोग सांसद के सिर पर पानी डालते दिखाई दिए. कुछ लोग उनका सिर पोछ रहे हैं. वीडियो में पप्पू यादव इशारे से चक्कर आने की बात बताते नजर आ रहे हैं. लोगों ने गीले कपड़े से उनका सिर और चेहरा भी साफ किया. उनकी हालत बिगड़ने के कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा.

कार्यक्रम छोड़कर पूर्णिया रवाना हुए

तबीयत खराब होने के बाद पप्पू यादव को वहां से वापस लौटना पड़ा. वह अपनी गाड़ी से पूर्णिया के लिए रवाना हुए, जहां उनका इलाज कराया गया. घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई. फिलहाल सामने आई जानकारी में उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है.

यह भी पढ़ें- JDU MLC उम्मीदवार नीरज कुमार की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचे CM सम्राट चौधरी