बिहार में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है. झारखंड के देवघर पहुंचे पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने गुरुवार (5 नवंबर 2026) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर तीखा हमला बोला.

Continues below advertisement

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "रोपिएगा बबूल, खाइएगा खजूर." पप्पू यादव ने राज्य में गोलीबारी, हत्या और महिलाओं-बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को गरीबी, जात-पात और नफरत के नाम पर लगातार अपमानित किया जा रहा है. अब मुख्यमंत्री को लोगों को बख्श देना चाहिए.

दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीन नवंबर को दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, "हमारे यहां कोई अपराध नहीं है. अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है. क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं. कोई अपराधी नहीं है." उनके इस बयान पर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए थे. पप्पू यादव ने भी इसी बयान को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.

Continues below advertisement

यह भी पढ़ें- मनीष कश्यप को मिली दुल्हनिया? नाम- अनुष्का शर्मा, शेयर की 'हमसफर' की तस्वीर

‘बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह’

पप्पू यादव ने कहा, "गोबर पर घी डालिएगा तो महक किसकी आएगी?" उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार 40 साल से कभी गरीबी, कभी जात-पात और कभी नफरत के नाम पर अपमानित होता रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों के पास पलायन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है. घरों में बेटियां और व्यापारी तक सुरक्षित नहीं हैं.

खगड़िया और मधुबनी की घटनाओं का किया जिक्र

सांसद ने खगड़िया में दो व्यापारियों को गोली मारे जाने की घटना का जिक्र किया. उन्होंने मधुबनी में एक पुलिसकर्मी पर घर में घुसने और फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए. मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में एएसआई की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और तीन लोग घायल हुए थे. पुलिस के अनुसार, आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह घटना के बाद फरार हो गया था.

बच्चियों के खिलाफ अपराध पर भी उठाए सवाल

पप्पू यादव ने नवादा, बेगूसराय और छपरा में बच्चियों के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर लोगों को कितना अपमानित किया जाएगा. उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर भी निशाना साधा. पप्पू यादव ने कहा कि हेडगवार ने भगवान के अस्तित्व को नहीं माना. सावरकर और दीनदयाल उपाध्याय ने राम को भगवान मानने से इनकार कर दिया अपनी किताब में. अब राम के मंदिर में भी चोरी कर रहे हैं कलयुग आ गया है.

यह भी पढ़ें- मनीष कश्यप की GF अनुष्का कौन हैं? PUSU का चुनाव लड़ीं, वायरल हुआ था वीडियो