बिहार में एमएलसी चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. पटना ग्रेजुएट सीट से एनडीए के जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने बाढ़ में आयोजित चुनावी सभा में गुरुवार (15 अक्टूबर 2026) बिना नाम लिए अनंत सिंह पर निशाना साधा. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार की मौजूदगी में नीरज ने कहा कि कोई उन्हें गुंडा या अपराधी साबित कर सकता है, तो सामने आकर बताए. उन्होंने कहा कि कोई माई का लाल उनके चरित्र पर सवाल नहीं उठा सकता.

Continues below advertisement

नीरज कुमार के समर्थन में निशांत कुमार गुरुवार को बाढ़ पहुंचे थे. उनके साथ जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी विधायक ज्ञानेंद्र कुमार ज्ञानू और अन्य नेता भी मौजूद थे. सभा में नीरज ने खुद को नीतीश कुमार का कार्यकर्ता और निशांत कुमार का सहयोगी बताया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के प्रति उनकी निष्ठा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता.

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश से भी खराब भारत की आर्थिक हालत? कांग्रेस MP मनोज कुमार का बड़ा दावा

Continues below advertisement

‘गलत आरोप लगाए तो चुप नहीं बैठेंगे’

नीरज कुमार ने कहा कि राजनीतिक आरोपों का सामना किया जा सकता है, लेकिन चरित्र हनन बर्दाश्त नहीं होगा. उन्होंने अपने ऊपर एके-56 हथियार रखवाने जैसे आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनके संस्कार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि अगर कोई नीतीश कुमार के बारे में गलत बोलेगा या निशांत कुमार को कमजोर करने की कोशिश करेगा, तो वह जवाब देंगे. विरोधी दल, अपनी पार्टी या गठबंधन का नेता होने से कोई फर्क नहीं पड़ता.

‘कर्म ही इंसान को फंसाता है’

नीरज ने अनंत सिंह नाम लिए बिना कहा कि किसी को ललन सिंह, आरसीपी सिंह या नीरज कुमार नहीं फंसाते, बल्कि उसके अपने कर्म उसे फंसाते हैं. उन्होंने कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं. साथ ही चेतावनी दी कि उन पर गलत आरोप लगाए गए तो वह चुप नहीं रहेंगे. उन्होंने जनता से भी पूछा कि क्या उन्होंने ऐसा कोई काम किया है, जिस पर जनप्रतिनिधि के रूप में लांछन लगाया जाए.

पुराने हत्याकांडों का भी किया जिक्र

सभा में नीरज कुमार ने इलाके में हुई कई पुरानी हत्याओं का जिक्र किया. उन्होंने भोली सिंह, सुधीर सिंह, विजय सिंह, जय प्रकाश सिंह और अन्य लोगों के नाम लेते हुए कहा कि जनता जानती है कि इन घटनाओं में कौन शामिल था. उन्होंने न्याय की बात करते हुए कहा कि एनडीए उनका परिवार है और सभी नेताओं को मिलकर चुनाव में काम करना चाहिए.

यह भी पढ़ें- बिहार में सिर्फ 3 लोग सुरक्षित! पप्पू यादव ने किसे बताया सबसे बड़ा खतरा?