मोतिहारी: नहर में डूबने से तीन बच्चों की मौत, शिक्षकों की लापरवाही पर परिजनों का आक्रोश
Motihari School : मोतिहारी के आदापुर में सरकारी विद्यालय के तीन आठवीं कक्षा के छात्र नहर में डूबकर मौत के शिकार हुए. ग्रामीणों ने शिक्षकों की लापरवाही पर आक्रोश जताया. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.

मोतिहारी जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में शनिवार (14 सितंबर) को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब सरकारी विद्यालय के तीन छात्र नहर के पानी में डूबकर असमय काल के गाल में समा गए. यह हादसा आदापुर थाना क्षेत्र के बखरी पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बलिरामा गांव से जुड़ा है.
जानकारी के मुताबिक, आठवीं कक्षा के छात्र पढ़ाई के दौरान बिना किसी शिक्षक की रोक-टोक के स्कूल से निकलकर छौड़ादानो–आदापुर नहर मार्ग के 72 आरडी पुल के पास स्नान करने चले गए. इस दौरान त्रिवेणी कैनाल नहर में पानी का बहाव तेज था. नहर में स्नान करते वक्त एक बच्चा डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में बाकी दो साथी भी गहरे पानी में समा गए. देखते ही देखते तीनों बच्चे डूब गए.
नहर में डूबने से तीन बच्चों की मौत
नहर किनारे से गुजर रहे राहगीरों ने बच्चों को डूबते देखा और शोर मचाया. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला. तीनों बच्चों की हालत गंभीर थी. दो बच्चों को तत्काल छौड़ादानो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. तीसरे बच्चे को मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
डूबकर जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान छौड़ादानो थाना क्षेत्र के भेलवा गांव निवासी रमेश प्रसाद का पुत्र अर्जुन कुमार उर्फ गोलू (13 वर्ष), प्रेम महतो का पुत्र लक्ष्मण कुमार उर्फ छोटू (14 वर्ष) और आदापुर थाना क्षेत्र के बलिरामा गांव निवासी प्रेम साह का पुत्र (13 वर्ष) के रूप में हुई. हादसे के बाद तीनों बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया.
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए. लोगों का कहना है कि शिक्षकों की लापरवाही से यह दर्दनाक हादसा हुआ है. ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए मांग की कि लापरवाह शिक्षकों का वेतन तुरंत रोका जाए और उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही आदापुर थानाध्यक्ष धर्मवीर चौधरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बलिरामा मिडिल स्कूल के आठवीं कक्षा के बच्चे नहर में स्नान करने गए थे, तभी डूबने से उनकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























