एक तरफ इजरायल-ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध चल रहा है तो दूसरी ओर भारत में एलपीजी को लेकर लोगों को समस्या हो रही है. बिहार के कई जिलों में गैस की दिक्कत हो रही है. सरकार की ओर से भले दावा किया जा रहा है कि सब ठीक है लेकिन लोग परेशानी से जूझ रहे हैं. सुपौल में तो लोगों को एक सप्ताह से 10-10 दिन तक गैस नहीं मिल रहा है. 

Continues below advertisement

जिले में एलपीजी की कमी से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार (11 मार्च, 2026) को फूट पड़ा. गैस नहीं मिलने से नाराज लोगों ने बुधवार की सुबह  त्रिवेणीगंज-पिपरा सड़क मार्ग को जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

मामला त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बघला के पास NH-327E का है, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर हंगामा किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले एक सप्ताह से लेकर दस दिनों तक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है. वे लगातार गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.

Continues below advertisement

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल-LPG के संकट के बीच बिहार में उठाया गया बड़ा कदम, DM-SP को निर्देश जारी

कालाबाजारी का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने गैस एजेंसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसी में गैस नहीं होने की बात कही जा रही है, जबकि बाजार में कालाबाजारी हो रही है. गैस सिलेंडर 1500 रुपये तक में बेचा जा रहा है. लोगों का एजेंसी पर ही आरोप है कि यहीं से बड़े पैमाने पर सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है. इसके कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है. जिनके पास 1000 नहीं होता वे 1500 और 2000 कहां से लाएंगे.

सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद त्रिवेणीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया. इसके बाद लोग शांत हुए और NH-327E पर परिचालन शुरू हुआ. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.

यह भी पढ़ें- बिहार: हड़ताल के बीच राजस्व विभाग के 5 अधिकारियों का त्यागपत्र स्वीकार, मचा हड़कंप