Jitan Ram Manjhi News: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के एक बयान पर उन्हें दो टूक में जवाब दिया है. जीतन राम मांझी ने शुक्रवार (14 फरवरी) की सुबह एक्स पर एक पोस्ट कर लालू यादव (Lalu Yadav) को टैग किया और करारा जवाब दिया. जीतन राम मांझी ने लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के उस बयान पर जवाब दिया है जिसमें उन्होंने बीते गुरुवार (13 फरवरी) को यह कहा था कि हम लोगों के रहते बीजेपी सरकार नहीं बना सकती. लोग बीजेपी को जान गया है.
जीतन राम मांझी ने गिनाई उपलब्धि
जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट किया, "परम आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी, वैसे तो आप कोई भविष्यवक्ता नहीं ही हैं, लेकिन एक जानकारी रख लीजिए. वर्ष 2005 में आपके सामने ही बिहार में भाजपा एनडीए गठबंधन की सरकार बनी. साल 2010 में तो आपके सामने ही आपका सूपड़ा साफ करते हुए भाजपा गठबंधन वाली एनडीए सरकार बनी. वर्ष 2014 में तो आपके सामने ही केंद्र में भाजपा एनडीए की सरकार बनी."
आगे जीतन राम मांझी ने लिखा, "और आजतक बिहार और केंद्र में भाजपा एनडीए की ही सरकार है और आगे भी रहेगी. वैसे यदि इस बात से जलन हो रही हो तो हमारे खादी मॉल में जलन में काम करने वाला अच्छा लोशन मिलता है. आप उपयोग कर सकते हैं."
उपेंद्र कुशवाहा ने भी दिया लालू को जवाब
बता दें कि लालू प्रसाद यादव के बयान के बाद से बिहार में सियासत तेज है. लगातार एनडीए के नेताओं की ओर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने पलटवार करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव जब पूरे फॉर्म में थे तो पूरे बिहार में घूम-घूम के गरज रहे थे. उस समय उनकी पार्टी की सीट 22 थी. अब उनके पास वह ताकत नहीं रह गई है और न ही जनता के बीच समर्थन रह गया है. मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि बिहार में एनडीए की सरकार आगामी विधानसभा चुनाव में बनने जा रही है.
यह भी पढ़ें- लालू के साले सुभाष ने सुनाया किडनैपिंग डील का किस्सा तो अब सामने आए साधु यादव, ये कुछ और कह रहे
