जनता दल यूनाइटेड (JDU) के एमएलसी नीरज कुमार ने विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इंडी ब्लॉक अब राजनीतिक रूप से सक्रिय भी है? उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हाल में हुए चुनाव में भी यह गठबंधन कहीं दिखाई नहीं दिया. नीरज कुमार ने विपक्ष पर वैमनस्य और ईर्ष्या की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में राजनीतिक अराजकता पैदा करना चाहता है और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रहा है.
नीरज ने कहा कि विपक्षी गठबंधन किसी राजनीतिक ताकत के बजाय वैमनस्य और ईर्ष्या के सहारे चल रहा है. उन्होंने विपक्ष के मॉक पार्लियामेंट करने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जनता ने सांसदों को संसद में काम करने के लिए चुना है. ऐसे में संसद के बाहर मॉक पार्लियामेंट करने का क्या मतलब है?
यह भी पढ़ें- बिहार के मंत्री बोले- 'इंडिया गठबंधन का दिल्ली मार्च टांय-टांय फिस्स हो जाएगा'
विशेष सत्र पर विपक्ष से पूछा सवाल
JDU एमएलसी ने कहा कि गृह मंत्री संसद का विशेष सत्र बुलाने की बात कह रहे हैं. इसके लिए विपक्ष की सहमति मांगी जा रही है और सरकार इस पर तैयार है. फिर विपक्ष को आखिर क्या चाहिए? नीरज कुमार के मुताबिक, विपक्ष का रवैया राजनीतिक अराजकता पैदा करने वाला है.
EVM पर भरोसे को लेकर भी घेरा
नीरज कुमार ने विपक्ष के EVM पर सवाल उठाने को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष को EVM पर भरोसा नहीं है, लेकिन बैलेट पेपर से चुनाव होने पर भी हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि जहां विपक्ष सत्ता में है, वहां बैलेट से चुनाव होने पर हार का कारण क्या था? उन्होंने कहा कि किसी की गलती की सजा किसी और को नहीं मिलनी चाहिए.
सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को किया याद
नीरज कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी नमन किया. उन्होंने बताया कि JDU के कला-संस्कृति प्रकोष्ठ ने इस मौके पर प्रतियोगिता आयोजित की है. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देशी रियासतों को एकजुट किया और देश का प्रशासनिक ढांचा तैयार करने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने सामाजिक सद्भाव के लिए भी काम किया.
यह भी पढ़ें- 'जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया', राहुल गांधी पर गिरिराज सिंह का तीखा हमला
