कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना में दिए गए विवादित बयान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. बीजेपी के नेता तो खरगे की टिप्पणी के बाद से ही आक्रोशित थे. आज बीजेपी खरगे के बयान से नाराज होकर प्रदर्शन कर रही है. इस बीच अब नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की ओर से रिएक्शन आया है.
सोमवार (26 अक्टूबर, 2026) को एबीपी न्यूज़ से बाचतीत में जेडीयू विधायक श्याम रजक ने इस पर प्रतिक्रिया दी. खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' वाले बयान पर श्याम रजक ने कहा, "हमें लगता था कि खरगे साहब ज्ञानी व्यक्ति हैं… लेकिन जिस तरह से उन्होंने हताशा वाला बयान दिया है वह सोचने वाली बात है."
खरगे के बयान को श्याम रजक ने बताया गलत
जेडीयू विधायक ने कहा कि ऐसा लगता है कांग्रेस पार्टी सत्ता से दूर रहने के बाद कुंठित हो गई है. उन्हें माफी मांगनी चाहिए. खरगे की टिप्पणी को गलत करार देते हुए कहा, "इस तरह का बयान देश के प्रधानमंत्री के लिए कहीं से सही नहीं है. कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के लिए कुछ भी करने को तैयार है."
यह भी पढ़ें- खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत, PM मोदी पर टिप्पणी का आरोप
अनंत सिंह पर कहा- अपने बारे में सोचना चाहिए
एबीपी न्यूज़ से बातचीत के क्रम में श्याम रजक ने अनंत सिंह से जुड़े सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी. जेडीयू से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह ने बीते रविवार को यह कहा था कि जेडीयू खत्म हो जाएगी. 10 सीट भी नहीं आएगी. इस पर श्याम रजक ने कहा, "अगर वह भविष्यवक्ता हो गए हैं तो पहले अपने भविष्य के बारे में उनको सोचना चाहिए."
अनंत सिंह पर श्याम रजक ने कहा, "उन्हें अगर भविष्य की जानकारी रहती तो ऐसी गलती वह नहीं करते. हमें लगता है कि उन्हें अपने भविष्य की जानकारी नहीं थी. उन्हें ज्योतिष विद्या की जानकारी नहीं है. वह ज्योतिष विद्या का अध्ययन करें."
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह ने JDU को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी! '10 सीट भी...'
