जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार (27 अक्टूबर, 2026) को झारखंड में रांची के पास मुरी इलाके में रेलवे ट्रैक के नजदीक मिला है. 31 वर्षीय देवपालिक बीते सोमवार (26 अक्टूबर) को रांची से पटना आने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. इसी दौरान वह मुरी जंक्शन से पहले लापता हो गए थे.

Continues below advertisement

मंगलवार 27 अक्टूबर को उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अभी उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है.

देवपालिक गुप्ता ट्रेन नंबर 12366 जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना आ रहे थे. यात्रा के दौरान वह अचानक लापता हो गए. जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव सिंह के मुताबिक, उनके लापता होने के बाद रात करीब नौ बजे एफआईआर दर्ज कराई गई थी. पार्टी के लोग लगातार झारखंड सरकार और रांची प्रशासन के संपर्क में थे.

Continues below advertisement

यह भी पढ़ें- बिहार टेंडर घोटाला: 7 IAS अधिकारियों तक पहुंची ED की जांच, बढ़ी हलचल

मुरी में रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

पार्टी के नेताओं के अनुसार, देवपालिक का शव मुरी के पास जंगल वाले इलाके में रेलवे ट्रैक के नजदीक मिला. शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाने की जानकारी दी गई है. हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी साफ नहीं है. पुलिस जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

IIMC से पढ़ाई, मीडिया में भी किया काम

देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पढ़ाई की थी. वह कई प्रमुख अखबारों, न्यूज चैनलों और डिजिटल पोर्टल के लिए काम कर चुके थे. जन सुराज से जुड़े सोशल मीडिया पेज और डिजिटल अभियानों में भी वह पिछले चार वर्षों से सक्रिय थे.

निष्पक्ष जांच की उठी मांग

जन सुराज संघर्ष वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अनुप मैथिल ने सोशल मीडिया पर देवपालिक की मौत पर दुख जताया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने भी अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि फिलहाल मौत के कारणों की जानकारी नहीं है. उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में जांच कराने का आग्रह किया. पार्टी ने कहा है कि मौत के पीछे की परिस्थितियां जांच के बाद ही सामने आएंगी.

यह भी पढ़ें- नीरज कुमार का दावा- मेरी जीत पक्की, अनंत सिंह को बोले- जन सुराज में चले जाएं