Nalanda News: नालंदा में दर्दनाक हादसा, मकान की छत गिरने से दादी-पोते की मौत, एक बच्चा घायल
Roof Collapsed: परिवार वालों ने बताया कि मंगलवार की रात बच्चे अपनी दादी के साथ मकान के पुराने कमरे में सोए हुए थे. उसी दौरान अचानक छत गिरने से सभी मलबे में दब गए.

नालंदा के रहुई थाना इलाके के इमामगंज गांव में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. लगभग 60 साल पुराने जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी. हादसे में घर के तीन लोग मलबे में दब गए, जिनमें 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. एक 12 वर्षीय बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
दो बच्चे और एक महिला मलबे में दबे
मरने वालों में धर्मवीर कुमार के 14 वर्षीय बेटे आशीष कुमार और उनकी मां फुलिया देवी शामिल हैं, वहीं 12 वर्षीय छोटा बेटा निरंजन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से निकालकर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
परिवार वालों ने बताया कि मंगलवार की रात बच्चे अपनी दादी के साथ मकान के पुराने कमरे में सोए हुए थे, तभी अचानक छत गिरने की जोरदार आवाज आई जब घरवाले दौड़े तो देखा कि तीनों मलबे में दबे पड़े हैं. आनन-फानन में आसपास के ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया और घायलों को बाहर निकाला गया. इलाज के दौरान दादी और एक पोते ने दम तोड़ दिया.
छत पुरानी होने के कारण हुआ यह हादसा
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि छत पुरानी होने के कारण यह हादसा हुआ है, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, मृतक परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने सरकार से उचित मुआवजा और परिवार के लिए रोजगार की व्यवस्था की मांग की है, ग्रामीणों का कहना है कि इमामगंज सहित आस-पास के कई गांवों में अब भी पुराने और जर्जर मकान हैं, जहां कभी भी इस तरह की दुर्घटनाएं हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Bihar News: गोपालगंज में डूबने से 2 मासूम बच्चों की मौत, ईंट-भट्ठा के लिए खोदा गया था गड्ढा
Source: IOCL





















