पटना के बाईपास थाना क्षेत्र में एनएच-30 के पास स्थित सोलर हाउस गोदाम में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई, जिससे गोदाम में रखे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गए. दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं.
गोदाम में मौजूद थे कुछ लोग
जानाकरी के मुताबिक आग लगने के वक्त गोदाम में कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बाहर निकल आए. घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया है.
आग की लपटों और धुओं से पूरा इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट, केमिकल रिएक्शन या कोई और वजह होने का कयास लगाया जा रहा है. इसकी जांच की जा रही है. बाईपास थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जल्द ही आग लगने के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.
सोलर हाउस गोदाम में हुए नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान के अनुसार, लाखों रुपये का सामान जल गया है. वहीं आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस व दमकल विभाग इसकी जांच में जुटे हैं. इससे पहले, बाईपास थाना क्षेत्र में ही सिपारा स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री और एक तेल डिपो में आग लगने की घटना सामने आई थी.
फायर ब्रिगेड सिटी डीएसपी ने क्या कहा?
पटना फायर ब्रिगेड सिटी डीएसपी नंद सिंह ने बताया कि "आज सुबह एक सोलर प्लेट गोदाम में आग लग गई. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आठ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया. ऐसा लगता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है."