बिहार कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची से संबंधित मुद्दों के खिलाफ शुक्रवार (25 सितंबर) को पटना में विरोध मार्च निकाला. इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया.

Continues below advertisement

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, "चुनाव आयोग के खिलाफ ये है कि राहुल गांधी जी लगातार जो उनकी पोल खोल रहे थे...आज साबित हो गया कि बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र में वोट चोरी से सरकार बनी है. राहुल गांधी का जवाब अब तक चुनाव आयोग ने नहीं दिया है."

उन्होंने कहा, "हम सड़क पर इसलिए निकले हैं कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा होना चाहिए."

यह भी पढ़ें- जमुई कांड: CM सम्राट की 'गलती' पर JDU का सपोर्ट! क्या बोले भगवान कुशवाहा?

आरजेडी के नेता-कार्यकर्ता भी सड़क पर उतरे

दूसरी ओर महागठबंधन की मुख्य पार्टी आरजेडी की ओर से भी इस मामले में प्रदर्शन किया गया है. आरजेडी के नेता-कार्यकर्ता पटना की सड़कों पर उतरे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.

ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग

पटना में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ ना सिर्फ हल्ला बोला बल्कि सीधे तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि उन्हें पद से हटाया जाए. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटे. 

कांग्रेस ने दूसरे राज्यों में भी प्रदर्शन किया है. मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने सीधे तौर पर सवाल उठाया. पटना में विरोध मार्च आर ब्लॉक से राज्य निर्वाचन आयोग तक निकाला गया था.

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के इस नेता की नहीं हो रही शादी, फेसबुक पर लिखी दिल की बात