बिहार में मॉनसून की विदाई के बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. गुरुवार(8 अक्टूबर 2026) सुबह से राजधानी पटना समेत राज्य के 29 जिलों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 6 जिलों में ऑरेंज और 23 जिलों में येलो अलर्ट है. कई इलाकों में तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है.

Continues below advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक पटना, नालंदा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पटना के 23 प्रखंडों में से 16 में सुबह बारिश दर्ज की गई. राजधानी के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सुबह करीब 4 बजे से 7 बजे तक झमाझम बारिश हुई. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की आशंका है.

यह भी पढ़ें- 'राहुल गांधी को लगता है वह सुप्रीम कोर्ट हैं', BJP बोली- 'अगर आपके...'

Continues below advertisement

23 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

जमुई, नवादा, बांका, गया, जहानाबाद, भागलपुर, मुंगेर, सारण, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधुबनी, खगड़िया, बेगूसराय, मधेपुरा, लखीसराय, शेखपुरा, सहरसा, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर और पूर्वी चंपारण में येलो अलर्ट है. यहां कुछ स्थानों पर तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

9 अक्टूबर को भी कई जिलों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 9 अक्टूबर को भी दक्षिण और उत्तर बिहार के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. दक्षिण बिहार के पूर्वी हिस्सों खासकर भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका और खगड़िया में बारिश की संभावना ज्यादा है. 10 अक्टूबर को कुछ जगह बादल छाए रह सकते हैं.

11 अक्टूबर से साफ होगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 11 अक्टूबर से बिहार में बारिश की गतिविधियों में कमी आने और आसमान साफ होने के आसार हैं. इसी दिन नवरात्र का पहला दिन भी है. पहाड़ी राज्यों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है. आने वाले दिनों में सुबह-रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास बढ़ सकता है, हालांकि दिन में गर्मी बनी रह सकती है.

बुधवार को भी औरंगाबाद में 68.6 मिमी, रोहतास में 65 मिमी और नवादा में 64.02 मिमी बारिश दर्ज की गई. पटना का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भभुआ में सबसे अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

यह भी पढ़ें- SIR के खिलाफ आज महागठबंधन का राजभवन मार्च, जिलों में भी प्रदर्शन