अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं तो फिर ये खबर आपके लिए हैं. राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 'प्रायोरिटी पैकेज' शुरू किया है. इस पैकेज के तहत पर्यटक एक ही टिकट पर दोनों सफारियों की सभी प्रमुख गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे. 

Continues below advertisement

व्यस्क के लिए एक टिकट की कीमत दो हजार

जानकारी दी गई है कि एक टिकट में ही कई चीजों का आनंद लिया जा सकता है. व्यस्कों के लिए एक टिकट की कीमत 2 हजार और बच्चों के लिए एक हजार निर्धारित की गई है. इस पैकेज में जू सफारी प्रवेश, 180 डिग्री थिएटर, एवियरी भ्रमण, सफारी भ्रमण, नेचर सफारी प्रवेश, ग्लास ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, जिप लाइन, जिप बाइकिंग, राइफल शूटिंग, आर्चरी, वॉल क्लाइंबिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी सुविधाएं शामिल हैं. जेनरल टिकट का चार्ज ऑफलाइन में 250 और ऑनलाइन में 750 रुपये निर्धारित है.

पर्यटकों को कतार में लगने से मिलेगा छुटकारा

दूसरी ओर इस स्पेशल पैकेज लेने वाले पर्यटकों को कई और सुविधा भी मिलेगी. उन्हें अलग-अलग कतारों में नहीं लगना पड़ेगा. हर स्लॉट में अधिकतम 20 टिकट उपलब्ध होंगे, यानी प्रतिदिन कुल 40 टिकट ही जारी किए जाएंगे. यह पैकेज सुबह 10 बजे और दोपहर 12 बजे के स्लॉट में उपलब्ध रहेगा. साथ ही विशेष प्रशिक्षित गाइड (हिंदी और अंग्रेजी में) पर्यटकों को जानकारी भी देंगे.

Continues below advertisement

राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुंदर एम और नालंदा वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार एम ने इसके बार में जानकारी दी है. इनकी मानें तो इस पैकेज से पर्यटक समय की बचत के साथ- साथ बेहतर अनुभव भी ले सकेंगे. 

बता दें कि राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी में ग्लास ब्रिज, जिप लाइन, जिप बाइकिंग और आर्चरी शूटिंग पर्यटकों के सबसे पसंदीदा आकर्षण बने हुए हैं. इन लोकप्रिय स्थलों पर प्रतिदिन हजार से 1200 पर्यटक पहुंचते हैं. पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां बस की व्यवस्था की गई है, जिसमें सवार होकर वे विभिन्न जगहों का भ्रमण कर सकते हैं.