Bihar News: नालंदा के मॉडल अस्पताल की लिफ्ट में फंसी गर्भवती महिला, अटक गईं थीं सांसे
पिछले कई दिनों से लिफ्ट में बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है. अस्पताल प्रशासन और जिम्मेदार कर्मचारियों ने अब तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.

नालंदा के बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया है. करोड़ों रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक अस्पताल की लिफ्ट में अचानक खराबी आ जाने से एक गर्भवती महिला अपने परिजनों समेत अंदर ही फंस गई थी, घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
अचानक बीच में ही रुक गई थी लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक गर्भवती महिला अपने परिजनों के साथ इलाज के लिए मॉडल अस्पताल आई थी, जैसे ही वह लिफ्ट से ऊपर से नीचे जाने लगी तो लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में रुक गई, लिफ्ट के दरवाजे बंद होने के कारण गर्भवती महिला और उसके परिजन घबराने लगे थे.
परिजनों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में उनकी सांसें फूलने लगीं और स्थिति गंभीर होती जा रही थी. लोगों के शोर मचाने और कर्मचारियों को सूचना देने के बाद करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद चाबी से लिफ्ट का दरवाजा खोला गया, तब जाकर गर्भवती महिला को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. सौभाग्य से किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना ने अस्पताल की लापरवाही की पोल खोल दी है.
लिफ्ट में आती है बार-बार तकनीकी खराबी
परिजनों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है, जब लिफ्ट में मरीज और उनके परिजन फंसे हों. पिछले कई दिनों से लिफ्ट में बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है, लेकिन अस्पताल प्रशासन और जिम्मेदार कर्मचारी इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं.
उनका कहना है कि कभी भी यह लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन सकती है, स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि मरीजों की जान से खिलवाड़ बंद हो सके और लिफ्ट की मरम्मत व नियमित जांच सुनिश्चित हो सके, इस मामले पर अस्पताल के कर्मचारी लिफ्ट बंद होने के मामले पर कुछ भी बोलने से परहेज किया है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL





















