Uniform Civil Code: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने सोमवार (27 जनवरी) को कहा कि उन्हें (BJP) किसान, रोजगार, पर्यटक, स्वास्थ्य का अधिकार, शिक्षा का अधिकार याद नहीं है. हमेशा एक नए विवादों के बीच नया प्रयास करते हैं. ये गांधी और अंबेडकर के विचारों पर हमला कर रहे हैं. बीजेपी संविधान को मानती ही नहीं है मजबूत लोकतंत्र के लिए बीजेपी नहीं जानी जाती है.
'हमेशा विवाद वाले बिंदु को चुनते हैं'
पप्पू यादव ने आगे कहा कि जैसे अरविंद केजरीवाल पंजाब और दिल्ली के लिए खतरा बन चुके हैं. वैसे बीजेपी 44 भाषाओं, संविधान और वसुधैव कुटुंबकम के लिए खतरा बन गई है. इनका (बीजेपी) कोई भी निर्णय देश के विकास और विचारों के आधार पर नहीं होता. इनके फैसले सत्ता और कुर्सी के आधार पर होते हैं. जब-जब कोई चुनाव आता है तो ये हमेशा विवाद वाले बिंदु को चुनते हैं.
'BJP से लोग ऊब चुके हैं'
पूर्णिया सांसद ने आगे कहा कि लोग अब इनसे (बीजेपी) ऊब चुके हैं. वे जान चुके हैं कि इनसे कोई उम्मीद नहीं है. उनसे युवाओं, महिलाओं, किसानों, विकास, मजदूरों, संविधान, जातीय जनगणना, आरक्षण के बारे में बात न करें. वे उतनी ही बात करेंगे जितने में उनकी सत्ता बनी रही, नफरत चलती रहे और सियासत के लिए कोई भी पाप करेंगे.
RJD सांसद की भी आई प्रतिक्रिया
UCC पर RJD सांसद मनोज झा की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि यूसीसी पर लोग बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं, मैं कहूंगा कि संविधान सभा की बैठक पर जाएं. विभाजन के बाद जो हालात थे उसमें भरोसे का सूचकांक न्यूनतम स्तर पर था. एक बार विमर्श करके देखें कि क्या आज भरोसे का सूचकांक बढ़ा हैं? मैं नहीं मानता हूं. विविधता भरे इसे देश में प्राथमिकता असमानता खत्म करने की होनी चाहिए ना कि एकरूपता को एक 'डॉग व्हिसल पॉलिटिक्स' की तरह इस्तेमाल किया जाए.
यह भी पढ़ें: NEET पेपर लीक कांड के मास्टरमांइड संजीव मुखिया की बढ़ेंगी मुश्किलें, अरेस्ट वारंट जारी