किशनगंज: जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत मस्तान चौक पर अगलगी की घटना में दो धार्मिक स्थल और दो दुकानें जलकर (Fire in Kishanganj) राख हो गई. घटना शनिवार देर रात की है. इस घटना की जानकारी लोगों को सुबह मिली. इसके बाद लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर दिया और कारवाई की मांग करने लगे. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर लोगों को शांत कराने में जुट गई.
'पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए'
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने कहा कि साजिश के तहत आग लगाई गई है. वहीं मौके पर पहुंचे बजरंगदल के जिला संयोजक सुनील तिवारी ने कहा कि प्रशासन के द्वारा इस मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने मौके पर मंदिर निर्माण, सीसीटीवी लगाने सहित कई मांग की. घटना के बाद एसपी डॉ. इनामुल हक मेंगनु के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि अज्ञात कारणों से आग लगी है. मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के द्वारा आग पर काबू पा लिया गया.
जो भी दोषी होंगे उन पर कारवाई होगी- पुलिस
वहीं, मुख्यालय डीएसपी अजीत प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि आग के कारणों का पता नहीं चल सका है. इस मामले में जो भी दोषी होंगे उन पर कारवाई की जाएगी जबकि प्रभारी एसडीएम साकेत सुमन ने कहा कि जाम हटवा दिया गया है और जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कारवाई की जाएगी. क्षतिपूर्ति के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा देने के लिए प्रक्रिया की जाएगी. बता दें कि इस मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस प्रशासन ने सूझबूझ से आक्रोशित लोगों को शांत कराया.
