बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण का आज तीसरा दिन है. रात्रि विश्राम मधेपुरा में करने के बाद नीतीश कुमार आज हेलिकॉप्टर से सुबह 10 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे. आज का दिन खास तौर पर महत्वपूर्ण है क्योंकि नीतीश आज मुस्लिम बहुल सीमांचल के दो प्रमुख जिलों पूर्णिया और कटिहार का दौरा करेंगे. राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद निकली यह यात्रा सियासी नजरिए से भी काफी अहम मानी जा रही है.

Continues below advertisement

 पूर्णिया में 485 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

पूर्णिया में नीतीश कुमार 321 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. साथ ही 164 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे. इसके बाद वे मां पूरणदेवी मंदिर, डेयरी, मत्स्य और पशुपालन प्रशिक्षण केंद्र का दौरा करेंगे. इंदिरा गांधी स्टेडियम भी पहुंचेंगे जहां वे जीविका दीदियों और आम लोगों के साथ जनसंवाद करेंगे. स्टेडियम में ही मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे.

 कटिहार में 410 करोड़ की 443 योजनाएं

पूर्णिया के बाद नीतीश कुमार कटिहार के लिए रवाना होंगे. कटिहार में 181 करोड़ रुपये की 186 योजनाओं का शिलान्यास और 229 करोड़ रुपये की 257 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. CM विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और सीधे ग्रामीणों व लाभार्थियों से संवाद करेंगे. यानी आज के दौरे में पूर्णिया और कटिहार मिलाकर कुल करीब 895 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा.

Continues below advertisement

 10 जिलों का दौरा, 13 को सहरसा-खगड़िया, 14 को बेगूसराय-शेखपुरा

समृद्धि यात्रा 10 मार्च से शुरू हुई है और चार दिनों में कोसी-सीमांचल के 10 जिलों को कवर किया जाएगा. 13 मार्च को नीतीश सहरसा और खगड़िया का दौरा करेंगे जबकि 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा जाएंगे.

 राज्यसभा और CM कुर्सी पर नीतीश ने साधी चुप्पी

राज्यसभा के लिए नामांकन भरने के बाद निकली इस यात्रा को सियासी नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है. हालांकि नीतीश ने यात्रा के दौरान अपने किसी भी संबोधन में अब तक एक बार भी राज्यसभा जाने का जिक्र नहीं किया है. मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ेंगे या नहीं इस सवाल पर भी उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साधी हुई है जिससे बिहार की सियासत में कयासों का दौर जारी है.