Bihar LPG Cylinder Crisis: गैस सिलेंडर के लिए नहीं होगी दिक्कत, पटना में DM ने की ये बड़ी पहल
Bihar LPG Crisis News: पटना जीएम के निर्देश पर जिलास्तर पर हेल्पलाइन को स्थापित किया गया है. एलपीजी को लेकर शिकायत के बाद जिला प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की बात कही गई है.

- पटना में एलपीजी से संबंधित शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी.
- सुपौल के डीएम ने एलपीजी की किल्लत वाली अफवाहों से की बचने की अपील.
- मुंगेर में भी डीएम का दावा- एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, कहीं दिक्कत नहीं.
बिहार में एलपीजी की कहीं दिक्कत नहीं है. ऐसा दावा किया जा रहा है. इस बीच लोग परेशान हैं. 25 दिनों के पहले गैस के लिए नंबर नहीं लग रहा है. वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी से भी परेशानी हो रही है. इन तमाम मसलों के बीच पटना के डीएम की ओर से पहल की गई है कि समस्या को कम किया जा सके.
शिकायत के लिए तुरंत लगाएं फोन
पटना जिलाधिकारी के निर्देश पर घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने और इसके अनुश्रवण के लिए जिलास्तर पर हेल्पलाइन को स्थापित किया गया है. कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी 9 बजे पूर्वाह्न से 6 बजे अपराह्न तक फोन नंबर- 0612-2219810 पर दे सकता है. जिला प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
सुपौल डीएम ने कहा- अफवाहों से बचें
दूसरी ओर सुपौल में एलपीजी की कथित किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली चिंता को लेकर जिला प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है. डीएम ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. जिलाधिकारी सावन कुमार ने एलपीजी उपभोक्ताओं से कहा है कि जिले में एलपीजी की कहीं कमी नहीं है. सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है.
यह भी पढ़ें- बेतिया से लेकर सहरसा, सीतामढ़ी, मधेपुरा तक LPG की समस्या, किसे पहले मिल रहा सिलेंडर? जानें
बता दें कि बुधवार को सुपौल के विभिन्न स्थानों पर गैस उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसियों की कथित मनमानी और गैस की उपलब्धता में हो रही परेशानी को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था. एनएच को जाम किया था. इसके बाद जिला प्रशासन की टीम सक्रिय मोड में दिख रही है.
प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. वहीं मुंगेर में भी जिलाधिकारी ने गैस की किल्लत की अफवाह से बचने की अपील की है. बता दें कि मुंगेर में भी अफरा-तफरी का माहौल है. सुबह चार बजे से ही गैस गोदाम पर लंबी कतार लग रही है. जिलाधिकारी ने कहा है कि जिले में एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है.
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल-LPG के संकट के बीच बिहार में उठाया गया बड़ा कदम, DM-SP को निर्देश जारी
Source: IOCL


























