LPG सिलेंडर को लेकर मची खलबली के बीच पटना में पहली FIR, जानें क्या है पूरा मामला
Bihar LPG Crisis: पटना के दीघा के रहने वाले एक उपभोक्ता ने शिकायत की थी. इसके बाद पाटलिपुत्र थाने में डिलिवरी बॉय मुकेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.

- पटना के दीघा के रहने वाले उपभोक्ता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत.
घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर पूरे बिहार में हाहाकार मचा हुआ है. हालांकि जिला प्रशासन दावा कर रहा है कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई जगह से धांधली की खबरें आ रही हैं. इस क्रम में जिला प्रशासन भी ऐक्शन में है. मामला राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना से सामने आया है. यहां गैस सिलेंडर के मामले में डिलीवरी बॉय पर पहली एफआईआर दर्ज की गई है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जाता है कि गैस के लिए एक उपभोक्ता ने नंबर लगाया. बुकिंग करने के बाद सिलेंडर नहीं दिया गया और मैसेज भेज दिया गया कि सिलेंडर की डिलीवरी हो गई है. इसके बाद उपभोक्ता ने पाटलिपुत्र थाने में डिलीवरी बॉय मुकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया.
दीघा के रहने वाले उपभोक्ता ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, दीघा के रहने वाले एक उपभोक्ता ने शिकायत की थी. उन्होंने एजेंसी मेसर्स उत्सव गैस सेवा, इंद्रपुरी के यहां गैस सिलेंडर के लिए नंबर लगाया था. हालांकि सिलेंडर मिला नहीं था और उनके नंबर पर डिलीवरी का मैसेज आ गया. इसी आरोप के आधार पर एजेंसी के डिलिवरी बॉय मुकेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस तरह के मामलों में यह पहली शिकायत मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें- Bihar LPG Cylinder Crisis: गैस सिलेंडर के लिए नहीं होगी दिक्कत, पटना में DM ने की ये बड़ी पहल
बता दें कि पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने सख्त निर्देश दिया है कि किसी तरह की परेशानी उपभोक्ताओं को नहीं होनी चाहिए. साथ ही शिकायत के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. इसके अलावा 28 धावा दल का गठन किया है. ये तमाम प्रयास इसलिए किए जा रहे हैं कि गैस को लेकर कहीं कालाबाजारी न हो. जो उपभोक्ता हैं उनको समय से गैस मिले. किसी तरह की परेशानी न हो.
यह बात सिर्फ पटना की नहीं बल्कि हर जिले में जिलाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारियों की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं. लोगों से अपील की जा रही है कि वे घबराएं नहीं. गैस सिलेंडर का स्टॉक है. इसके बावजूद लंबी-लंबी कतार वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं. लोगों की समस्या खत्म होती नहीं दिख रही है.
यह भी पढ़ें- Bihar LPG Crisis: पटना में डीलर के यहां फोर्स और मजिस्ट्रेट की तैनाती, बांका, समस्तीपुर, रोहतास का हाल जानें
Source: IOCL


























