Bihar News: बिहार के गृह सचिव हटाए जाएंगे. लोकसभा चुनाव से पहले क्रेंदीय चुनाव आयोग ने कई राज्यों के गृह सचिव को हटाने का ऑर्डर दिया है. बिहार के अलावा जिन राज्यों के गृह सचिव हटाए जाएंगे उसमें यूपी, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं.

बिहार सरकार के गृह विभाग में अपर मुख्य सचिव आईएएस डॉ. एस सिद्धार्थ हैं. ये मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी हैं. यह वजह है कि इन्हें हटाया जाएगा. आईएएस प्रणव कुमार सेक्रेटरी हैं. आईपीएस के. सुहिता अनुपम स्पेशल सेक्रेटरी हैं. वहीं, आईएएस अनिमेष पांडे एडिशनल सेक्रेटरी हैं.

बिहार में सात चरणों में होगा लोकसभा चुनाव

बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव सात चरणों में होंगे. बिहार में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को राज्य में चुनाव होंगे. परिणाम की घोषणा चार जून को मतगणना के साथ होगी. राज्य की अगिआंव (भोजपुर) विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव एक जून को होगा. 

राज्य में 19 अप्रैल को पहले चरण में जिन लोकसभा सीटों पर मतदान होगा उनमें औरंगाबाद, गया, नवादा शामिल हैं, जबकि दूसरे चरण में 26 अप्रैल को किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में चुनाव होगा. तीसरे चरण में सात मई को झांझरपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया, चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा. 

चुनाव आयोग के अनुसार 20 मई को पांचवें चरण के तहत सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर सीटों पर, वहीं 25 मई को छठे चरण के तहत वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज में मतदान होगा. इनके अलावा नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद सीटों के लिए मतदान सातवें चरण में एक जून को होगा.

यह भी पढ़ें- बिहार की इस सीट पर असदुद्दीन ओवैसी ने उतारा उम्मीदवार, जानें- किसे दिया टिकट?