पटना: बिहार विधानसभा चुनावों की आज घोषणा हो गई. ऐसे में सभी दल जनता को लुभाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज घोषणा की कि 12वीं पास करने पर लड़कियों को 25 हजार और ग्रेजुएशन पास करने पर 50 हजार रुपये का इनाम राज्य सरकार देगी. सीएम नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि सरकार एक विभाग बनाएगी जो स्किल डेवलपमेंट और उधमिता को प्रमोट करेगी. आईटीआई और पॉलेटेक्निक संस्थान भी इस विभाग के अंदर होंगे. सरकार नया बिजनेस शुरू करने वालों को आर्थिक सहायता भी देगी.

बिहार में पिछले कुछ दिनों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बिहार में हजारों करोड़ की योजनाओं की घोषणा की है. बिहार चुनाव के मद्देनजर केंद्र सरकार की मेहरबानी के बीच राज्य सरकार भी अपनी अलग घोषणाएं कर रही है. मुख्यमंत्री लगातार तीन बार से बिहार के मुख्यमंत्री हैं. एनडीए के सीएम पद के उम्मीदवार के सामने आरजेडी के तेजस्वी यादव होंगे.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग की इस घोषणा का स्वागत करते हैं. बता दें कि बिहार में तीन चरणों में चुनाव आयोजित होंगे. पहले चरण के चुनाव 28 अक्टूबर को दूसरे चरण का चुनाव 3 नवंबर और तीसरे चरण का चुनाव 7 नवंबर को कराए जाएंगे. चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित होगा.