बिहार: दुकान में सजाकर रखे थे मिठाई के डिब्बे, खूब हो रही थी बिक्री, जांच हुई तो खुल गया राज
Patna News: पटना के दीदारगंज का मामला है. दीदारगंज थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मिठाई की दुकान में शराब का कारोबार चल रहा था. गुप्त सूचना पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई की है.

Patna News: बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. पटना के दीदारगंज में एक मिठाई की दुकान पर सजाकर रखे गए डिब्बों की जांच हुई तो पुलिस दंग रह गई. बीते मंगलवार (12 फरवरी) की रात मद्य निषेध विभाग की पुलिस एक मिठाई की दुकान पर जांच के लिए पहुंची तो वहां से टेट्रा पैक में बंद शराब मिली. दीदारगंज थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक दुकान में मिठाई के डिब्बे के अंदर शराब रखकर बेची जा रही थी.
दरअसल बिहार में पूर्ण शराबबंदी है लेकिन अवैध तरीके से इसका धंधा खूब हो रहा है. शराब बेचने के लिए धंधेबाज नए-नए हथकंडे अपनाते रहते हैं. इसी क्रम में मद्य निषेध विभाग की टीम को सूचना मिली कि दीदारगंज में एक मिठाई की दुकान पर शराब की बिक्री की जाती है. गुप्त सूचना के बाद जब टीम ने मंगलवार की रात छापेमारी की तो हैरान रह गई. दुकान में मिठाई के डिब्बे में शराब मिली.
मिठाई दुकानदार को किया गया गिरफ्तार
बताया गया कि जब टीम पहुंची तो दुकान के आगे काउंटर पर मिठाई रखी हुई थी. लोग मिठाई भी खा रहे थे. दुकान पर पीछे के साइड में कुछ मिठाई के डिब्बे सजाकर रखे गए थे. दुकान में टीम ने खोजबीन की तो शराब नहीं मिली, लेकिन जब पीछे में रखे डिब्बों को खोलकर देखा गया तो सारा राज खुल गया. मिठाई के डिब्बों में 200 एमएल के टेट्रा पैक में बंद शराब मिली. इसके बाद मद्य निषेध विभाग की टीम ने मिठाई दुकानदार सुदामा कुमार को गिरफ्तार कर लिया. दुकानदार के अनुसार एक-दो महीने पहले ही उसने यह धंधा शुरू किया था.
बुधवार को मद्य निषेध विभाग की ओर से विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई है. बताया गया कि छापेमारी में 115 ट्रेटा पैक में शराब मिली जिसे जब्त किया गया है. कुल 23 मिठाई के डिब्बों में पांच-पांच पीस टेट्रा पैक में बंद शराब रखी गई थी. बताया गया कि मिठाई के डिब्बा में शराब बंद करके ये लोग होम डिलीवरी भी करते थे.
यह भी पढ़ें- Rohtas: रोहतास में क्रब से निकलीं शराब की बोतलें, पुलिस भी रह गई हैरान, जानें- पूरा मामला
























