छुट्टी पर घर आए ITBP के जवान की हत्या, हिरासत में लिए गए 4 लोग, बिहार के गयाजी का मामला
Bihar Crime News: आईटीबीपी का जवान देहरादून में पोस्टेड था. उसका ट्रांसफर छत्तीसगढ़ हो गया था. छत्तीसगढ़ जाने से पहले वह छुट्टी लेकर अपने घर पहुंचा था कि यह घटना हो गई.

गयाजी के वजीरगंज थाना क्षेत्र के बिहियान गांव में गुरुवार (24 जुलाई, 2025) की देर रात आईटीबीपी के एक जवान संजय यादव को हत्या कर दी गई. लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या की गई है. घटना के बाद हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है.
दो पक्षों में विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या
घटना के संबंध में जो जानकारी आई है, बताया गया कि गांव में पड़ोसी महेंद्र यादव से आपसी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ था. बीच-बचाव करने के लिए आईटीबीपी का जवान भी मौके पर पहुंच गया. इसी बीच महेंद्र यादव और उसके पुत्र संजय यादव एवं परिवार के अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया. लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया. जमीन पर गिरने के बाद घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
14 जुलाई को छुट्टी पर घर आया था जवान
बताया गया कि संजय यादव 14 जुलाई को छुट्टी पर घर आया था. आईटीबीपी का जवान देहरादून में पोस्टेड था. उसका ट्रांसफर छत्तीसगढ़ हो गया था. छत्तीसगढ़ जाने से पहले वह छुट्टी लेकर अपने घर पहुंचा था कि यह घटना हो गई. परिवार के साथ करीब दस दिन रहा और इस घटना ने उसकी जान ले ली. घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया है. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना के बाद वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है. इस पूरे मामले में वजीरगंज एसडीपीओ सुनील पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अन्य की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है.
Source: IOCL























